नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गर्मी की मार ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हीटवेव और वार्म नाइट ने दिल्ली वालों की आफत बढ़ा दी है। रोज नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। ऐसी ही गर्मी में दिल्ली से दरभंगा जा रही फ्लाइट एसजी 486 में यात्रियों को उड़ान भरने से पहले करीब एक घंटे इंतजार करना पड़ा। इस दौरान फ्लाइट में एसी बंद होने यात्रियों का बुरा हाल हो गया। कई यात्री फ्लाइट में हाथ से पंखा झलते नजर आए तो कई की तबीयत बिगड़ गई।
दिल्ली से दरभंगा जा रहे यात्रियों को फ्लाइट में एक घंटे इंतजार करना पड़ा। इस दौरान एसी न चलने से कई यात्रियों की तबीयत खराब हो गई। फ्लाइट के अंदर का वीडियो भी सामने आया है जिसमें ज्यादातर यात्री हाथ से पंखा झलते नजर आ रहे हैं। कुछ हाथ से पसीने पोछ रहे हैं।
रोहन कुमार यात्री ने बताया, स्पाइसजेट की फ्लाइट से दिल्ली से दरभंगा जा रहा था। इन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर चेक इन करा लिया लेकिन करीब एक घंटे तक एसी ही नहीं चलाया। फ्लाइट के अंदर तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। सभी यात्रियों को इससे परेशानी हो रही थी। जब फ्लाइट ने उड़ान भरी तब एसी चालू किया गया। हम लोग एक घंटे तक फ्लाइट में बिना एसी और ऑक्सीजन के बैठे थे।
