मुंबई : प्रसिद्ध अभिनेता ऋतुराज सिंह, जो अनुपमा जैसे टेलीविजन शो के साथ-साथ बद्रीनाथ की दुल्हनिया सहित कई फिल्मों में दिखाई दिए, मंगलवार उनके घर पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया, वह 59 वर्ष के थे. इस घटना से पूरे जगत में शोक की लहर दौड़ी है.
मिली जानकारी के अनुसार, उनके दोस्त, अभिनेता अमित बहल ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा की, “हां, कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया. उन्हें कुछ समय पहले पॅनक्रियाज के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, घर लौट आए, कुछ हृदय संबंधी जटिलताएं हुईं और उनका निधन हो गया.”
“पेट की कुछ समस्याओं के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और कुछ दिन पहले उन्हें छुट्टी दे दी गई थी. अमित बहल ने PTI को बताया की, ”दिल का दौरा पड़ने से देर रात करीब 12.30 बजे उनके घर पर उनका निधन हो गया.”
ऋतुराज सिंह के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं. ऋतुराज सिंह टीवी धारावाहिकों, फिल्मों के साथ-साथ ओटीटी शो का एक जाना पहचाना चेहरा थे.
उनकी टेलीविजन भूमिकाओं में बनेगी अपनी बात, हिटलर दीदी, शपथ, अदालत और दीया और बाती हम शामिल हैं. इसके अलावा, वह हिंदी फिल्मों और बंदिश बैंडिट्स, मेड इन हेवन और इंडियन पुलिस फोर्स जैसे ओटीटी शो में सहायक भूमिकाओं में दिखाई दिए.
‘बद्रीनाथ..’ में ऋतुराज के साथ काम कर चुके वरुण ने अब उनके साथ एक फोटो शेयर की है और उनके निधन पर शोक जताया है. वरुण ने लिखा की, “#RIP ऋतुराज सर, उनके साथ काम करके बहुत अच्छा समय बिताया और कुछ महीने पहले ही ‘बेबी जॉन’ के सेट पर उनसे मुलाकात हुई थी. ओम शांति!”

