मुंबई: हमास के आतंकवादियों ने 7 अक्टूबर को दक्षिणी इज़राइल पर हमला करते हुए एक भीषण नरसंहार किया था। इस हमले में उसने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने महिलाओं, बच्चों किसी को भी नहीं बख्शा। हमास की इस हरकत के बाद इजराइल ने सीधे युद्ध की घोषणा कर दी। इजराइल की ओर से गाजा पट्टी में आक्रामक ऑपरेशन (जंग) जारी है।
हमास के इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल का समर्थन करते हुए हमास की निंदा की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में वह इजराइल के साथ हैं। अब भारत में इजरायली राजदूत नाओर गिलोन ने एक मांग की है। उन्होंने कहा है कि अब समय आ गया है कि अन्य देशों की तरह भारत को भी हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे।
उन्होंने हमास के खिलाफ चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान में इजराइल का समर्थन करने के लिए भारत को धन्यवाद दिया। इजरायली राजदूत गिलोन ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, 7 अक्टूबर को हुए क्रूर हमले के बाद इज़राइल ने मांग की है कि भारत हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे। इस मुद्दे पर और मांग के समर्थन में कई महत्वपूर्ण देश हमारे साथ हैं।
भारत भी एक लोकतांत्रिक देश हैं, लिहाजा मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि भारत हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे। गिलोन ने कहा, ‘अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय संघ समेत कई देशों ने हमास को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है।’
भारत के लिए सही समय है
गिलॉन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इज़राइल पर आतंकवादी हमले की निंदा करने वाले पहले विश्व नेताओं में से एक हैं। भारत दुनिया का एक महत्वपूर्ण देश है जो अपनी नैतिकता के लिए जाना जाता है। महत्वपूर्ण देश हमारे साथ हैं। गिलॉन ने कहा, अब भारत के लिए हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करने का सही समय है। इजरायल के लिए यह पश्चिम एशिया में अस्तित्व की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि हम हमास को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
