नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार(Election strategist) और विश्लेषक प्रशांत किशोर(Analyst Prashant Kishor) ने स्वीकार किया है कि 2024 के चुनावों की भविष्यवाणी(Predicting the elections) करने में उनसे बड़ी गलती हुई है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव-पूर्व अनुमान लगाने में हुई अपनी गलतियों के लिए माफी मांगने को तैयार हैं। उन्होंने ये भी कहा कि अब भविष्य में वह इस तरह की गलती नहीं करेंगे और चुनावों में सीटों का अनुमान लगाने की भविष्यवाणी नहीं करेंगे।
हां, मैं और मेरे जैसे पोलस्टर्स गलत साबित हुए: प्रशांत किशोर
लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद मीडिया को दिए अपने इंटरव्यू में प्रशांत किशोर ने कहा, “हां, मैं और मेरे जैसे पोलस्टर्स गलत साबित हुए। हम इसके लिए माफी मांगने को तैयार हैं।” जब उनसे पूछा गया कि क्या आगामी चुनावों के लिए वह इसी तरह का भविष्यवाणी करते रहेंगे तो उन्होंने कहा, “नहीं, मैं अब चुनावों में सीटों की संख्या के बारे में कोई भविष्यवाणी नहीं करूंगा।”
पीएम मोदी की अगुवाई वाली भाजपा 2019 जैसा प्रदर्शन करेगी
बता दें कि पांचवें चरण की वोटिंग के बाद प्रशांत किशोर ने भविष्यवाणी की थी कि मौजूदा चुनावों में पीएम मोदी की अगुवाई वाली भाजपा 2019 जैसा प्रदर्शन करेगी और करीब 300 सीटों पर जीत दर्ज करेगी लेकिन उनकी भविष्यवाणी सच साबित नहीं हुई। भाजपा को सिर्फ 240 सीटें मिलीं, जबकि पूरे एनडीए को 293 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
चुनाव नतीजों के दिन से पहले एक ट्वीट में किशोर ने ‘घबराए हुए’ आलोचकों पर कटाक्ष करते हुए उन्हें “हाइड्रेटेड रहने” की सलाह दी थी और 4 जून को वोटों की गिनती के दिन उन सबको खूब सारा पानी रखने को कहा था।” हालांकि, उनकी भविष्यवाणियां गलत साबित हुईं। भाजपा 2019 के चुनावों में जीती गई सीटों से भी 20 फीसदी कम सीटें जीत पाई।
