नई दिल्ली। शेयर बाजार में गुरुवार को हरे निशान पर कारोबार की शुरुआत हुई पर फिर गिरावट आ गई। बेंचमार्क इंडेक्स शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख पाए और लाल निशान पर पहुंच गए। सुबह सेंसेक्स 97.69 (0.12%) अंक टूटकर 77,254.01 पर पहुंच गया। निफ्टी 32.46 (0.14%) अंकों की गिरावट के साथ 23,483.55 के लेवल पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार के दौरान भारती एयरटेल के शेयरों में 7% की गिरावट आई, पीएनबी हाउसिंग के शेयरों में 4% की गिरावट आई।
गुरुवार को एशियाई बाजार में कमजोरी के बाद घरेलू बेंचमार्क इंडेक्स भी सपाट खुले। बैंकिंग शेयरों में मजबूती दिखी लेकिन आईटी और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में बिकवाली दिखी। सेंसेक्स के शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा मोटर्स, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ खुले। वहीं, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड और एचसीएल टेक के शेयर गिरावट में नुकसान दिखा। मैक्वायर की ओर से कोटक महिंद्रा बैंक को अपग्रेड करने के बाद बैंक के शेयर 1.4% तक मजबूत हुए।
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी रियल्टी 0.9% चढ़ा। ब्रिगेड, शोभा और डीएलएफ के शेयरों में बढ़त से इंडेक्स को मजबूती मिली। निफ्टी मेटल के शेयरों में 0.75% का उछाल आया। इस तेजी में हिंदुस्तान जिंक और वेदांता के शेयरों का योगदान रहा। व्यापक बाजार में निफ्टी स्मॉलकैप100 और निफ्टी मिड कैप100 0.4% तक उछले। एकल शेयरों में सुजलॉन एनर्जी के शेयर शुरुआती कारोबार में 5% तक चढ़े। यह बढ़त उन खबरों के बाद आई है जिनमें कहा गया है कि कंपनी ने 0.3% इक्विटी हिस्सेदारी का सौदा किया है। 5.2% की हिस्सेदारी बिकवाली के बाद पीएनबी हाउसिंग के शेयर 5% तक टूट गए।
एशियाई शेयरों में गुरुवार को नरमी दिखी। यूएस फेड के नीतिगत निर्णय पर अनुमानों के इंतजार में यह दो वर्षों के उच्च स्तर के आसपास कारोबार करता दिख रहा है। जापान का निक्केई 0.63% गिर गया। चीन के शेयर बाजार में भी गिरावट दिखी और ब्लु-चिप इंडेक्स 0.34% तक फिसल गया। हॉन्गकॉन्ग का हेंग सेंग इंडेक्स 0.14% कमजोर हुआ। अमेरिकी बाजार बुधवार को हरे निशान पर बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 7,908.35 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयर खरीदे। वहीं, घरेलू निवेशकों ने 7,107.80 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयर खरीदे। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की अगस्त डिलिवरी 2 सेंट बढ़कर 85.09 बैरल पर पहुंच गया। रुपया डॉलर के मुकाबले 1 पैसा चढकर 83.45 पर पहुंच गया।
