मुंबई: ‘ग्राम पंचायत चुनाव में जीत मिलने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने वोटरों का शुक्रिया अदा किया। सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि मतदाताओं ने महायुति को वोट दिया है, मैं उनको धन्यवाद देता हूं। हमने उस काम, उन परियोजनाओं को बढ़ावा देने का काम किया जो महाविकास अघाड़ी ने बंद कर दी थी। हमने राज्य के सर्वांगीण विकास की नीति बनाई है। ग्राम पंचायत के फैसले के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि हमारी सरकार ने इस राज्य में किसानों से लेकर उद्यमियों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बहनों से लेकर आम आदमी को न्याय देने का काम किया है।
राज्य में ग्राम पंचायत चुनाव के घोषित नतीजों में एकनाथ शिंदे ग्रुप को काफी सफलता मिली है। वहीं उद्धव ठाकरे गुट को हार का सामना करना पड़ा है। एकनाथ शिंदे ने कहा की सरकार वास्तव में जनता तक पहुंची है। मतदाताओं ने अपने प्यार का इजहार किया है। महाविकास अघाड़ी से कई गुना अधिक सरपंच, सदस्य महायुति में चुने गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा इसलिए मैं राज्य के लोगों को तहे दिल से धन्यवाद देता हूं।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘मैंने, मुख्यमंत्री के तौर पर जबकि देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर जनता को न्याय देने का काम किया। कुछ लोगों ने पूरा साल सिर्फ आरोप लगाने, दोषारोपण करने और ताना मारने में बिताया। वर्ष का एक भी दिन ऐसा नहीं जाता जब उन्होनें टिप्पणी न की हो। इसलिए लोगों ने उन्हें खारिज कर दिया।
‘उन्हें घर पर बैठने की आदत थी’
जिन लोगों ने मतदाताओं को धोखा दिया, बाला साहेब के विचारों को धोखा दिया। अब लोगों ने उन्हें घर बैठा दिया है। अब उन्हें घर बैठने की आदत हो गई है। एकनाथ शिंदे ने बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे पर तंज कसा। मतदाताओं ने हम पर भरोसा किया है, इससे हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गयी है। अब हम और अधिक काम और विकास करेंगे। एकनाथ शिंदे ने कहा, लोगों ने पिछले ढाई साल का प्रदर्शन देखा है, लोगों ने दिखाया है कि घर बैठकर राज्य नहीं चलाया जा सकता है।
