नई दिल्ली । बिहार में सख्त सुरक्षा के बीच लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आठ सीटों पर शनिवार को मतदान जारी है। जिन सीटों मतदान हो रहा है उनमें सीवान, गोपालगंज (सु), महाराजगंज, वैशाली, वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और शिवहर शामिल हैं। इस बीच पश्चिम चंपारण लोकसभा सीट से एनडीए समर्थित बीजेपी उम्मीदवार संजय जायसवाल पर पुलिस ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
बीजेपी उम्मीदवार पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
दरअसल, पश्चिमी चंपारण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 23 मई की शाम 6 बजे से ही चुनाव प्रचार कार्य रोकने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद 24 मई को अपराह्न में बीजेपी प्रत्याशी डॉक्टर संजय जायसवाल की आवाज में लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं से बीजेपी के पक्ष में मतदान करने की अपील की सूचना मिली, जिसके बाद प्रशासन की ओर से बीजेपी उम्मीदवार पर आचार संहिता उल्लंघन मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई।
उम्मीदवार संजय जायसवाल पर प्राथमिकी दर्ज की गई
आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी बेतिया एक्शन में आ गए। बेतिया सदर उड़न दस्ता दल के द्वारा नगर थाना में बीजेपी उम्मीदवार संजय जायसवाल पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि पश्चिम चंपारण में मुख्य मुकाबला बीजेपी के संजय प्रसाद जायसवाल और कांग्रेस के मदन मोहन तिवारी के बीच है।
