मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के गेटवे ऑफ़ इंडिया पर सेक्स वर्कर्स और ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे समेत कई हस्तियां मौजूद थीं। इस मौके पर एस. पी. सिंह बघेल ने सेक्स वर्कर्स और ट्रांसजेंडर कम्युनिटी से अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं को भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों से साझा किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च की गयी योजनाओं की जमकर तारीफ़ की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सेक्स वर्कर और ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के लोगों से पीएम मोदी की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
बघेल ने इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजनाओं से लेकर बीमा योजना, आयुष्मान भारत और उज्वला योजना के कई फायदे गिनाए। इस कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रुपा गांगुली के अलावा बिग बॉस विजेता मुनव्वर फारुकी, अरबाज़ खान, तनीषा मुखर्जी, टीवी कलाकार शिव ठाकरे और अन्य लोगो मौजूद रहे।
