नई दिल्ली: बहुचर्चित शराब नीति घोटाला (Delhi Excise Policy Case) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को फिर से तलब किया है। इस समन में अरविंद केजरीवाल से कहा गया है कि वे अगली 21 तारीख को जांच के लिए पेश हों। इसके पहले ईडी ने अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी कर 2 नवंबर को पेश होने को कहा था। हालांकि, तब अरविंद केजरीवाल ने ईडी (ED) को सूचित किया था कि विधानसभा चुनाव के प्रचार में व्यस्त होने के कारण वह पूछताछ के लिए नहीं आ सकेंगे।
दिलचस्प बात यह है कि अरविंद केजरीवाल से पिछले फरवरी में सीबीआई ने पूछताछ की थी। शराब नीति में गड़बड़ी मामले में ईडी द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट में कई जगह केजरीवाल के नाम का जिक्र है।
आरोप पत्र में कहा गया है कि दिल्ली की उत्पाद शुल्क नीति (एक्साइज पॉलिसी) को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अवैध रूप से पैसा कमाने के लिए जानबूझकर कमियों के साथ तैयार किया था।
आरोप पत्र (चार्जशीट) में यह भी कहा गया है कि इस मामले के आरोपियों की मुख्यमंत्री आवास पर बैठक हुई थी।
