दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया को राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिवाली पर अपनी बीमार पत्नी से मिलने की इजाजत दे दी है। शनिवार को दिल्ली पुलिस उन्हें कड़ी सुरक्षा में उनके घर ले गई। कोर्ट ने सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक छह घंटे के लिए उन्हें पत्नी से मिलने की इजाजत दी है। शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को अपनी बीमार पत्नी से मिलने के लिए छह घंटे की अनुमति दी गई है। इस दौरान वह पुलिस हिरासत में रहेंगे।
विशेष न्यायाधीश एम. के नागपाल ने पुलिस हिरासत में सिसौदिया को शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने घर पर अपनी बीमार पत्नी से मिलने की अनुमति दी। उन्होंने अपनी बीमार पत्नी से पांच दिन के लिए मिलने की इजाजत मांगी थी।
मनीष सिसौदिया की मांग का विरोध
अदालत ने इससे पहले सिसौदिया की न्यायिक हिरासत 22 नवंबर तक बढ़ा दी थी। सीबीआई-ईडी ने मनीष सिसौदिया की मांग का विरोध किया था। उन्होंने सवाल पूछा कि आरोपी किस कानून के तहत इजाजत मांग रहा है। आरोपी को अंतरिम जमानत के लिए आवेदन करना चाहिए था।
इससे पहले जून में उनकी पत्नी के गंभीर रूप से बीमार पड़ने पर उन्हें एलएनजेपी में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मनीष सिसौदिया ने अपनी पत्नी से मिलने की मांग की, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
