मुंबई: इंडिया ब्लॉक की मीटिंग के पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रीय अघाड़ी समिति का गठन किया है। इसमें पांच वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इस समिति में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद, मुकुल वासनिक और मोहन प्रकाश शामिल हैं। समिति का संयोजक मुकुल वासनिक को बनाया गया है। समिति में अशोक गहलोत और भूपेश बघेल को ऐसे समय में शामिल किया गया है।
जब हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हार का सामना करना पड़ा है। चर्चा थी कि विधानसभा नतीजे के बाद ही दोनों नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका दी जाएगी।
मंगलवार को दिल्ली में विपक्षी दलों के इंडिया अलायंस की बैठक हो रही है। इस बैठक में सीटों के बंटवारे पर चर्चा होगी। गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल में सीट आवंटन है। उसी में कांग्रेस ने यह कमेटी बनाई है। इस बीच इंडिया अलायंस की दिल्ली बैठक पर पूरे देश की नजर है।
