जयपुर। राजस्थान में सबसे गर्म नौ दिन यानी नौतपा शनिवार 25 मई से शुरू हो रहे हैं। इससे पहले ही प्रदेश भीषण गर्मी में झुलस रहा है। सूरज आग उगल रहा है। 15 दिन से प्रदेश में गर्मी की जलन के साथ तीव्र लू चल रही है। इस भीषण गर्मी ने लू गुरुवार को प्रदेश में 12 लोगों की जान ले ली है। गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पश्चिमी राजस्थान के पाक बॉर्डर एरिया के पास पारा 50 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों में गुरुवार को बाड़मेर में सर्वाधिक 48.8 डिग्री सेल्सियस और फलोदी में 48.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक आगामी दो तीन दिन में पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और बढ़ सकता है।
प्रदेश में 7 शहर ऐसे रहे जहां गुरुवार को तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। इसमें सर्वाधिक तापमान बाड़मेर में 48.8 डिग्री सेल्सियस और फलोदी में 48.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फतेहपुर, जैसलमेर, जोधपुर, जालौर, कोटा और चूरू में भी पारा 47 डिग्री सेल्सियस पार हो गया। मौसम विभाग के आकलन के अनुसार इस साल मौसम 50 डिग्री से तापमान तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान के पुराने रिकॉर्ड की बात करें तो वर्ष 2016 में सर्वाधिक तापमान 49.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। वर्ष 2022 में सर्वाधिक तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
लू की चपेट में आने से कहां-कहां हुईं मौतें
गुरुवार को प्रदेश के अलग अलग शहरों में 12 लोगों की गर्मी की वजह से मौत हो गई। इसमें बीकानेर फायरिंग रेंज में तैनात एक आर्मी का जवान भी शामिल है। जालोर के रेलवे स्टेशन पर दो बुजुर्ग व्यक्तियों की मौत हो गई थी जिनमें एक की पहचान नरपड़ा निवासी सूरजदान और भैंसवाड़ा निवासी सोनाराम के रूप में हुई है। जालोर के ही साफाड़ा में 42 वर्षीय कमला देवी और छांगाड़ी गांव में 30 वर्षीय युवक पोपटराम की भी गर्मी के कारण मौत हो गई। उधर जालोर जिले के आहोर स्थित गुड़ा बालोतान निवासी 65 वर्षीय चूनाराम की भी मौत हो गई। बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी और टाटा की लेबर कॉलोनी में दो मजदूरों की मौत। रेलवे स्टेशन पर तिलवाड़ा निवासी 35 वर्षी हीरसिंह का भी शव मिला था। बालोतरा के ही कालेवा गांव में 55 वर्षीय मूलाराम की मौत खेत में काम के दौरान हो गई।
बीकानेर की महाजन फायरिंग रेंज में युद्धाभ्यास के दौरान जवान संदीप कुमार की गर्मी से तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। संदीप हरियाणा के भिवानी के रहने वाले थे। भीलवाड़ा के रूपाहेली गांव में आइसक्रीम बेचने वाले व्यक्ति की अत्यधिक धूप लगने से मौत से मौत हो गई। जोधपुर में एक पेड़ के नीचे आराम कर रहे व्यक्ति की लाश मिली है। संभवत उस व्यक्ति की मौत भी भीषण गर्मी के कारण हुई। गर्मी के चलते सरकार ने सावधानी बरतने के लिए गाइड लाइन जारी की है। इसके बावजूद भी लोग गर्मी से बेहाल हैं।
