रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में शुक्रवार सुबह हेलीकॉप्टर में सवार 7 लोगों की जान बच गई। दरअसल सिरसी हेलीपैड से यात्री केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे तभी हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान हेलीकॉप्टर 8 बार लहराया और इसका पिछला भाग ( पूंछ) जमीन से टकरा गया। हालांकि लैंडिंग हो गई। इसमें सवार पायलट और 6 यात्री सुरक्षित हैं। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। डीजीसीए ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
बता दें, 10 मई से शुरू हुई चार धाम यात्रा में अब तक कुल 9 लाख 61 हजार 302 श्रद्धालु चारों धाम के दर्शन कर चुके हैं। जिसमें 4 लाख 24 हजार 242 श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचे। एक लाख 96 हजार 937 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। गंगोत्री में एक लाख 63 हजार 191 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। यमुनोत्री धाम में एक लाख 76,हजार 993 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। 23 मई को एक दिन में 75,569 श्रद्धालुओं ने चारों धामों के दर्शन किए।
चार धाम यात्रा के लिए अब तक कुल 31 लाख 18 हजार 926 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 30 जून तक चारों धाम में दर्शन के लिए सभी स्लॉट फुल हैं। यमुनोत्री के लिए 4 लाख 86 हजार 285, गंगोत्री के लिए 5 लाख 54 हजार 656, केदारनाथ के लिए 10 लाख 37 हजार 700 और बद्रीनाथ के लिए 9 लाख 55 हजार 858 और हेमकुण्ड साहिब के लिए 84 हजार 427 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के दौरान 12 दिनों (23 मई तक) में 49 लोगों की मौत हो गई है। इसमें अधिकांश श्रद्धालु ऐसे हैं जो किसी न किसी बीमारी से ग्रसित थे। यह आंकड़े स्टेट इमरजेंसी कंट्रोल रूम की ओर से जारी किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 23 मौतें केदारनाथ धाम में हुई हैं। इसके बाद यमनोत्री धाम में 12 और बद्रीनाथ धाम में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इसी तरह गंगोत्री धाम में अब तक तीन श्रद्धालुओं ने दम तोड़ दिया है। यात्रियों की अधिक संख्या के चलते सीएम मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 31 मई तक बंद कर दिए गए हैं।
