सागर। किराएदार महिला से अवैध संबंध छिपाने के लिए नाबालिग पोते ने 60 साल की दादी का तौलिए से गला घोंटकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड में किराएदार महिला भी आरोपी है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला ने अपने नाबालिग पोते और महिला को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। उन्होंने परिवार को इस बारे में बताने की बात कही थी। बस इस पर उनकी हत्या कर दी गई। घटना मकरोनिया में 21 मई की है। पुलिस ने नाबालिग और महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में बुजुर्ग अकेली थीं। आरोपियों से झड़प हो गई। इस दौरान बुजुर्ग की चूड़ियां टूट गई थीं। आरोपी महिला ने उन्हें हटाकर अपने हाथ की चूड़ियां पहना दीं। शव सीढ़ियों पर रख दिया। आरोपियों ने परिवार को बताया कि वो गिरकर बेहोश हो गईं। पुलिस ने बताया 21 मई को जिला अस्पताल से सूचना मिली थी। बुजुर्ग को परिवार वाले अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टर ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को परिवार ने बताया था कि वे सीढ़ियों से गिरकर बेहोश हो गई थीं। लेकिन, डॉक्टर ने पुलिस को जब बताया कि बुजुर्ग के गले पर निशान मिले हैं, तो शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
मकरोनिया थाना प्रभारी शुभम दुबे ने बताया, परिवार से पूछताछ के बाद गुरुवार को बुजुर्ग के 17 साल के पोते और उनके घर किराए से रह रही मालती पटेल (35) को थाने लाकर पूछताछ की गई। सख्ती करने पर दोनों टूट गए। उनके रिलेशन की बात सामने आई। आरोपियों ने बताया कि बुजुर्ग ने उन्हें साथ देख लिया था। वो घर के सदस्यों को अफेयर के बारे में बताने जा रही थीं। महिला और नाबालिग ने तौलिए से बुजुर्ग का गला घोंटा। वारदात छिपाने के लिए शव सीढ़ियों के पास रख दिया। सीढ़ियों से गिरकर बेहोश होने का कहकर अस्पताल पहुंचाया।
