दिल्ली: भारत और कनाडा के बीच चल रहे विवाद के बीच मोदी सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। भारत ने कनाडाई नागरिकों को कुछ श्रेणियों को फिर से वीजा जारी करने का फैसला किया है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक अब बिजनेस वीजा, मेडिकल वीजा और कॉन्फ्रेंस वीजा शुरू किया जाएगा।
भारत और कनाडा के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बाद केंद्र सरकार ने वीजा सेवाओं पर रोक लगाने का फैसला किया था। इससे कनाडा और भारत के कई नागरिक प्रभावित हुए थे। केंद्र सरकार के इस नए फैसले से कनाडा के नागरिकों की कुछ श्रेणियों को राहत मिलेगी।
वीजा सेवाएं फिर से शुरू करने का निर्णय
कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की है। उच्चायोग ने पत्र में कहा कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद, कनाडाई नागरिकों की कुछ श्रेणियों के लिए वीजा सेवाएं फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। खालिस्तानी आतंकी निज्जर की हत्या के मामले में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि निज्जर की हत्या भारतीय खुफिया एजेंसी ने की है। इससे भारत और कनाडा के रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी। जिसके बाद भारत ने कनाडा के नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं तुरंत बंद करने का फैसला किया था।
दरअसल भारत में कनाडा के राजनयिकों की संख्या भी काफी है। लिहाजा विवाद को देखते हुए भारत ने कनाडा को इनकी संख्या कम करने के निर्देश भी दिए थे। भारत का आरोप था कि कनाडा भारत के आंतरिक मामलों में दखल दे रहा है। इसके बाद कनाडा ने 41 राजदूतों को वापस बुलाने का फैसला किया। यह इस बात का संकेत था कि भारत और कनाडा के रिश्ते काफी ख़राब हो चुके हैं। हालांकि, भारत के नए फैसले से रिश्ते में थोड़ा सुधार होने की संभावना है।
