Indigo Strike News: मुंबई से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारियों ने शिफ्ट से जुड़े विवाद के कारण अचानक हड़ताल का ऐलान कर दिया, जिसके चलते बुधवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। कई फ्लाइट्स देर से उड़ान भर रही हैं, जबकि कुछ को रद्द भी किया गया है। इस वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोग एयरलाइन प्रबंधन पर नाराजगी जता रहे हैं।
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
इंडिगो के केबिन क्रू और अन्य स्टाफ का कहना है कि शिफ्ट मैनेजमेंट और ड्यूटी शेड्यूल को लेकर विवाद कई दिनों से चल रहा था। लेकिन मंगलवार देर रात स्थिति बिगड़ गई और कर्मचारियों ने अचानक काम बंद करने का फैसला लिया।
इस अनिश्चित कदम के बाद सुबह से ही इंडिगो की कई उड़ानें प्रभावित हो गईं—कई फ्लाइट्स तय समय से घंटों देरी से उड़ान भर रही हैं, जबकि कुछ को रद्द भी कर दिया गया है।
फ्लाइट डिस्प्ले बोर्ड पर बढ़ती delayed और cancelled की लिस्ट देखकर यात्रियों का धैर्य जवाब दे रहा है। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर एयरलाइन से जवाबदेही की मांग की है।
2 दिसंबर को इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले भी 2 दिसंबर को इंडिगो के एक विमान को आपात स्थिति में मुंबई में उतारना पड़ा था। कुवैत से हैदराबाद जा रहे इस विमान को बॉम्ब धमकी मिलने के बाद तुरंत मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया था। उस दिन भी उड़ानों में देरी हुई थी, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कत हुई थी। लगातार दो दिनों से यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
सबसे व्यस्त हवाई अड्डा
मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रोजाना 900–950 उड़ानों को संभालता है। त्योहारों के दौरान यह संख्या 1,000 से भी अधिक हो जाती है। ऐसे में इंडिगो जैसी बड़ी एयरलाइन में अचानक हड़ताल होने से पूरे एयरपोर्ट पर असर पड़ना स्वाभाविक है।
सबसे बड़ी एयरलाइन
इंडिगो भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती एयरलाइनों में से एक है। 2005 में राहुल भाटिया और राकेश गंगवाल द्वारा स्थापित यह कंपनी अपने किफायती किराए और समय पर उड़ान के लिए जानी जाती है।
कर्मचारियों की इस हड़ताल ने कंपनी की छवि के साथ-साथ हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाओं को भी प्रभावित किया है।
