कानपुर: उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले कानपुर महानगर के वार्ड नंबर 27 में विकास के दावों की हकीकत सड़क पर तैरती नजर आ रही है। यहाँ सड़क नहीं, बल्कि गंदे पानी से भरा एक स्थायी जलभराव क्षेत्र बन चुका है। घरों का दूषित पानी महीनों से जमा है। स्थानीय लोग और स्कूली बच्चे, बदबू, फिसलन और बीमारी के खतरे के बीच जीने को मजबूर हैं।
“ये तस्वीर किसी दूर-दराज़ गांव की नहीं… ये हमारे सिस्टम की सच्चाई है। जहां जनता चीख रही है… बच्चे रोज जान जोखिम में डाल रहे हैं… लेकिन जिम्मेदार कुर्सियों पर बैठकर सिर्फ फाइलें पलट रहे हैं। क्या मासूमों की जान की कीमत इतनी सस्ती है? या फिर हादसे का इंतजार किया जा रहा है?”
“सड़क पर गंदा पानी… मच्छरों का अड्डा… बीमारी का खतरा… और इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं स्कूल के बच्चे और बुजुर्ग। क्या नगर निगम सिर्फ टैक्स लेने के लिए है?
सड़क या सीवर? हालात बद से बदतर
वार्ड 27 की यह सड़क लगातार जलभराव की समस्या से जूझ रही है। हालात ऐसे हैं कि हर वक्त बदबूदार पानी भरा रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुज़ुर्ग, महिलाएं और दफ्तर जाने वाले लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं। फिसलन इतनी कि कभी भी कोई हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की सक्रियता फिलहाल कागजों तक ही सीमित दिखाई देती है।
जल निकासी की व्यवस्था नहीं, शिकायतें बेअसर
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस इलाके में जल निकासी के लिए अब तक पक्की नाली नहीं बनाई गई। घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बहता है और वहीं जमा हो जाता है। लोगों ने कई बार पार्षद, विधायक और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन पिछले छह महीनों से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम शुरू नहीं हुआ।
स्वास्थ्य और सुरक्षा पर खतरा
लगातार गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता रोज़ एक जोखिम भरी परीक्षा बन चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैक्स देने के बावजूद बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
जनता की मांग: स्थायी समाधान
इलाके के लोगों की साफ मांग है कि जल्द से जल्द नाली निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। अस्थायी उपाय नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए ताकि वार्ड 27 के लोग इस बदबू और गंदगी से राहत पा सकें।
लीड न्यूज़ टुडे ने उठाया मुद्दा
इस गंभीर जनसमस्या को Lead News Today ने प्रमुखता से उठाया है, ताकि प्रशासन तक जनता की आवाज़ पहुंचे और जिम्मेदार अधिकारी जल्द कार्रवाई करें।
(लीड न्यूज़ टुडे ग्राउंड रिपोर्ट)
