मुंबई: महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने पीएम मोदी पर फिर हमला बोला है। चेन्निथला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी के स्टार प्रचारक के रूप में देश भर में घूम-घूमकर 400 पार की घोषणाएं कर रहे हैं। वास्तव में उनके लिए इस बार 200 पार करना भी मुश्किल होगा। पहले चरण के मतदान को देखकर मोदी को भी अपनी हार का एहसास हो गया है. पहले बीजेपी वाले मान कर चल रहे थे कि मोदी कार्ड महाराष्ट्र में भी चलेगा। लेकिन उनकी धारणा पूरी तरह गलत साबित हो रही है। इसलिए मोदी और उनके सहयोगी हिंदू-मुस्लिम, भारत-पाकिस्तान जैसे मुद्दे लेकर देश को बांटने की राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन महाराष्ट्र की बुद्धिमान जनता उन्हें उनकी जगह दिखाए बिना चैन से नहीं बैठेगी। मोदी और बीजेपी पर यह करारा हमला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को मुंबई में किया।
वह महाविकास आघाडी की तरफ से उत्तर मुंबई लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार भूषण पाटिल के केंद्रीय चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। इस मौके पर उनके साथ शिवसेना नेता और सांसद संजय राउत, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा सीट से उम्मीदवार वर्षा गायकवाड़, विधायक असलम शेख, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे, पूर्व शिवसेना विधायक विनोद घोसालकर, विधायक विलास पोतनिस, कांग्रेस विधायक अमीन पटेल, पूर्व विधायक अशोक भाऊ जाधव और कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत भी मौजूद थे।
पीएम मोदी का ऐसा बयान शोभा देता है?
रमेश चेन्निथला ने आगे कहा कि शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेता को प्रधानमंत्री मोदी भटकती आत्मा कहते हैं। क्या देश के प्रधानमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह का बयान शोभा देता है? ऐस कड़े शब्दों में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की। उन्होंने आगे कहा कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना को प्रधानमंत्री मोदी और उनके लोग नकली शिवसेना कहते हैं। लेकिन मोदीजी यह मत भूलिए कि ये कर्मठ शिवसैनिक हैं। ये शिवसैनिक और यहां की शिवसेना तब तक चुप नहीं बैठेगी जब तक आपको पूरी तरह से यहां से खदेड़ नहीं देती। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि चूंकि बीजेपी और उनके लोगों के पास कोई अन्य मुद्दा नहीं है, इसलिए वे देश को बांटने की और विभाजन की राजनीति कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी और उनके नेता अपने भाषणों से धर्म और जाति के नाम पर मतभेद पैदा करने का काम कर रहे हैं। लेकिन वे आदरणीय शरद पवार, शिवसेना के बारे में कितनी भी बाते कर ले, हालांकि, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा,क्योंकि महाराष्ट्र की जनता महा विकास आघाडी के साथ है। हमारा लक्ष्य महाराष्ट्र में सभी सीटें जीतने का है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम मुंबई में भी छह की छह लोकसभा सीटें जीतेंगे।
पेडर रोड के पार्सल को वापस भेजें
वहीं संजय राउत ने कहा कि मैं उत्तरी मुंबई के लोगों से अपील कर रहा हूं कि भाजपा ने उत्तरी मुंबई लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार की तौर पर जो पेडर रोड का पार्सल उतारा है, उसे वापस पेडर रोड पर भेजें और यहां के भूमिपुत्र भूषण पाटिल को भारी वोटों से चुनकर लाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रचार रैली के दौरान कोलिवाडा में चलते समय भाजपा उम्मीदवार पीयूष गोयल अपनी नाक पर रुमाल लगाकर चल रहे थे। आखिर उन्हें मछली पकड़ कर अपना जीवन यापन करने वाले कोली भाइयों से इतनी घिन क्यों आ रही है।
कोली समाज के लोग यहां के मूल भूमिपुत्र हैं. अगर गोयल को कोली समाज के लोगों से इतनी घिन है तो वे इन भूमिपुत्रों की समस्या का समाधान कैसे करेंगे? यह इन सभी भूमिपुत्रों का अपमान है। राउत ने कहा कि अगर गोयल के नाक की बाल महाराष्ट्र में जल रहे हैं तो उन्हें गुजरात जाकर चुनाव लड़ना चाहिए। उन्हें महाराष्ट्र में चुनाव लड़ने का कोई अधिकार नहीं है। इसलिए हम इस पार्सल को जल्द ही पेडर रोड भेजना चाहते हैं।