मुंबई: आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनावों (BMC Election) को देखते हुए एनसीपी (नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी ने पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता नवाब मलिक को मुंबई चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति की घोषणा एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे ने की।
एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने नवाब मलिक को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। नवाब मलिक पहले भी मुंबई अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं और पार्टी के एक मज़बूत एवं प्रभावशाली नेता के रूप में पहचाने जाते हैं।
नवाब मलिक की अध्यक्षता में बनी मुंबई चुनाव प्रबंधन समिति में मुंबई कार्याध्यक्ष शिवाजीराव नलावडे और सिद्धार्थ कांबले, विधायक सना मलिक-शेख, पूर्व विधायक ज़ीशान सिद्दीकी, प्रदेश महासचिव संतोष धुवाली, प्रदेश उपाध्यक्ष भास्कर विचारे, प्रदेश प्रवक्ता संजय तटकरे तथा राजू घुगे शामिल हैं।
आमंत्रित सदस्यों में दक्षिण ज़िला अध्यक्ष महेंद्र पानसरे, उत्तर-पश्चिम मुंबई ज़िला अध्यक्ष अजय विचारे, उत्तर-मध्य मुंबई ज़िला अध्यक्ष अर्शद अमीर, उत्तर मुंबई ज़िला अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह, और उत्तर-पूर्व मुंबई ज़िला अध्यक्ष सुरेश भालेराव का समावेश है।
“सियासत के धुरंधर नेता, लेकिन विवादों से घिरा सफर”
नवाब मलिक महाराष्ट्र के वरिष्ठ राजनेता और NCP के प्रभावशाली नेता हैं, जिन्होंने राज्य में मंत्री पद भी संभाला है। वे मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका और बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, उनका राजनीतिक सफर विवादों से भी घिरा रहा है। 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था, जो कथित रूप से अंडरवर्ल्ड से जुड़े एक जमीन सौदे से जुड़ा था।
इस मामले में लंबे समय तक जेल में रहने के बाद उन्हें चिकित्सा आधार पर अस्थायी राहत मिली। इसके बावजूद, वे राजनीतिक रूप से सक्रिय बने हुए हैं और NCP में अहम पदों पर योगदान दे रहे हैं।
