पुणे: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ‘JN.1’ का एक मरीज मिला है। इसके मद्देनजर पुणे नगर निगम ने एहतियात के तौर पर शहर में कोरोना मरीजों के लिए चार हजार 700 बेड की व्यवस्था की है। इसमें आइसोलेशन बेड से लेकर वेंटिलेटर तक शामिल हैं। महाराष्ट्र में नए वेरिएंट ‘जेएन.1’ का मरीज मिलने के बाद पुणे नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रवींद्र बिनवडे की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की बैठक हुई।
इस बैठक के दौरान शहर में उपलब्ध स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस बात की जानकारी देते हुए पुणे नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के सहायक स्वास्थ्य प्रमुख डॉ. सूर्यकांत देवकाते ने कहा, ‘शहर में कोरोना का सिर्फ एक मरीज मिला है।
डॉ. सूर्यकांत देवकाते ने बताया कि मरीज की हालत स्थिर है और वह घर पर ही आइसोलेशन में हैं। इसलिए नागरिकों को घबराना नहीं चाहिए। शहर में अभी तक नए वेरिएंट का कोई गंभीर मरीज सामने नहीं आया है। हालांकि, बुखार, सर्दी, खांसी जैसे लक्षण वाले मरीजों तक पहुंचकर उनकी कोरोना जांच कराकर इलाज कराने को प्राथमिकता दी गई है। आइए जानते हैं कोरोना के इस नए वायरस को लेकर पुणे नगर निगम की मौजूदा तैयारियों के बारे में।
अस्पताल
अस्पताल – संख्या
सरकारी अस्पताल – 11
निजी अस्पताल – 93
निजी मेडिकल कॉलेज – 2
बेड की व्यवस्था
आइसोलेशन वार्ड बेड – 1,301
ऑक्सीजन सुविधा वाले बेड – 2,296
गहन चिकित्सा इकाई में बेड – 674
वेंटिलेटर युक्त बेड – 429
जनशक्ति (मैन पावर)
डॉक्टर – 2,442
कोरोना प्रशिक्षित डॉक्टर – 1,482
उपलब्ध नर्सें – 3,844
प्रशिक्षित नर्सें – 2,249
