मुंबई: महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य की शिंदे सरकार को घेरा है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। गुंडों और अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। नाना पटोले ने कहा कि मायानगरी मुंबई से सटे कल्याण में पुलिस स्टेशन में गोलीबारी के बाद जलगांव, यवतमाल में भी गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया गया। अब मुंबई में पूर्व नगरसेवक की हत्या जैसी घटना ने सबको हिला कर रख दिया है। यह महाराष्ट्र के लिए बहुत गंभीर और चिंताजनक बात है। मुख्यमंत्री के ‘वर्षा’ बंगले के साथ-साथ मंत्रालय में भी गुंडे बेधड़क होकर घूम रहे हैं।
तड़ीपार गुंडों को सरकारी संरक्षण मिलने और राजनीतिक हस्तक्षेप और दबाव के कारण पुलिस बेबस है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नाना पटोले ने मांग की है कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। इस ‘गुंडाराज’ को खत्म करने के लिए महायुति सरकार को बर्खास्त करने के बाद राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए।
गंभीर नहीं हैं देवेंद्र फडणवीस
शुक्रवार को तिलक भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने भाजपा सरकार पर ज़ोरदार हमला करते हुए कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने के बावजूद गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस इसे गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्होंने यह गैरजिम्मेदाराना बयान देकर अपनी लाचारी और हताशा का परिचय दिया है कि ‘अगर एक कुत्ता भी गाड़ी के नीचे आ जाए, तो विपक्ष गृह मंत्री का इस्तीफा मांगेगा। क्या फडणवीस को इंसान और कुत्ते में फर्क भी नहीं पता है। महाराष्ट्र में अब कानून का राज नहीं रह गया है। एनसीआरबी की रिपोर्ट में कहा गया है कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में महाराष्ट्र अपराध के मामले में देश में नंबर वन है।
अवैध बंदूकों के मामले में, नागपुर पहले स्थान पर है। उसके बाद ठाणे, मुंबई और पुणे हैं। नागपुर में आयोजित विधान मंडल सत्र में मैंने इसे आँकड़ों के साथ प्रस्तुत किया था। प्रदेश में खैरात की तरह हथियारों की लाइसेंस जारी किये जा रहे हैं। तड़ीपार बदमाशों को पुलिस संरक्षण दिया जा रहा है। कुछ भ्रष्ट और दागी आईपीएस अधिकारियों को नियमों को ताक पर रखकर प्रमोशन दिया गया है, जबकि ईमानदार और निष्ठावान अधिकारियों को साइड लाइन किया जा रहा है।
पुलिस बल में भारी राजनीतिक हस्तक्षेप और दबाव के कारण वे भी कोई कार्रवाई नहीं कर पाते हैं। गैंगस्टरों ने सरकार और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू, फुले, अंबेडकर के महाराष्ट्र में ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं थी। यदि गृह मंत्री देवेन्द्र फडणवीस में थोड़ी सी भी नैतिकता और शर्म बची है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
महाराष्ट्र में गुंडाराज!
नाना पटोले ने कहा कि बीजेपी महाराष्ट्र में गुंडाराज लेकर आया है। सत्ताधारी दल के नेता लगातार धमकियां दे रहे हैं। केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। राज्य की जनता डरी हुई है,महिलाएं असुरक्षित हैं। दो उपमुख्यमंत्रियों की नजर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर है और सत्ता संघर्ष के कारण महाराष्ट्र के हितों की अनदेखी की जा रही है।