मुंबई: महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है। नाना पटोले ने आरोप लगाया कि यवतमाल सभा के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। आशा सेविका महिला और स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को बसों में जबरन भरकर सभा में ले जाया गया है। मोदी की सभा के लिए विदर्भ और मराठवाड़ा की बस के इस्तेमाल से जनता को परेशानी हुई है। पीएम मोदी की सभा का खर्च बीजेपी के बजाय सरकारी खजाने से किया गया है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने आरोप लगाया है कि केवल पंडाल पर 12 करोड़ 73 लाख 33 हजार 500 रुपये और हेलीपैड पर 3.5 करोड़ रुपए खर्च किए गये हैं। यह पूरी तरह से जनता के पैसों की बर्बादी है।
मोदी की सभा के लिए दबाव डालकर भीड़ जुटाई
बुधवार को गांधी भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि स्वघोषित विश्व गुरु नरेंद्र मोदी की राजनीतिक सभा के लिए सरकारी तंत्र पर दबाव डालकर भीड़ जुटाई गई है। बसों में पुरुषों और महिलाओं को जबरदस्ती बंधक बनाकर सभा में भीड़ जुटाने के लिए ले जाया गया। वाहनों में उसकी क्षमता से ज्यादा लोगों को लाया गया है। आरटीओ को इसपर कार्रवाई करनी चाहिए लेकिन मामला सरकारी है तो फिर कार्रवाई कौन करेगा? क्या बीजेपी के लिए कानून अलग है? पटोले ने कहा कि लोग नरेंद्र मोदी और बीजेपी से ऊब चुके हैं। मोदी की सभा में लगी कुर्सी पर राहुल गांधी का पोस्टर लगाकर जनता ने सही संदेश दिया है।
साल 2014 के चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने, कृषि उपज का उचित मूल्य देने, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने,और किसानों की कर्ज माफी समेत कई वादे किए थे लेकिन जब वह सत्ता में आए, तो सब कुछ भूल गए और किसानों को धोखा दिया क्योंकि मोदी की गारंटी एक चुनावी जुमला था। यवतमाल संतों की भूमि है, नरेंद्र मोदी ने संतों की भूमि पर झूठ बोला है। अब यवतमाल की जनता और किसान मोदी के झांसे में नहीं आएंगे। नरेंद्र मोदी ने किसानों का अपमान किया है। अब यही किसान बीजेपी को उनकी जगह दिखायेंगे।
जरांगे की आड़ में मुख्यमंत्री शिंदे पर निशाना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर महागठबंधन में भारी असंतोष और असमंजस की स्थिति है। अब उनके बीच का अंदरूनी कलह सामने आ गया है। भारतीय जनता पार्टी ने मनोज जरांगे पाटिल के आंदोलन की एसआईटी जांच के आदेश देकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने अंतरवाली सराटी जाकर जरांगे पाटिल से मुलाकात की जिसके बाद नवी मुंबई में जरांगे की भूख हड़ताल टूट गई। मुख्यमंत्री के एक ओएसडी लगातार जरांगे के संपर्क में थे। नाना पटोले ने कहा कि जरांगे पाटिल सिर्फ एक बहाना है। बीजेपी के निशाने पर सिर्फ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हैं।
Must Watch : डॉक्टर के दिए टास्क से लोग हो गए हैरान, 137 मिलियन लोगों ने देखा ये धमाकेदार VIDEO
नांदेड़ में क्या होगा?
नाना पटोले ने कहा कि नांदेड़ जिले में कांग्रेस पार्टी का संगठन मजबूत है। हालांकि कुछ लोगों ने डर के कारण पार्टी छोड़ दी है लेकिन कार्यकर्ता और लोग कांग्रेस के साथ हैं। नांदेड़ जिले के तीनों विधायक माधवराव पाटिल, मोहनराव हंबर्डे, जितेश अंतापुरकर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष और पदाधिकारी सभी कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। पटोले ने विश्वास जताया है कि नांदेड़ जिला कांग्रेस की तरफ से लोकसभा चुनाव में सक्षम उम्मीदवार दिया जाएगा और हम वहां जीत हासिल करेंगे।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे, पूर्व मंत्री अनिल पटेल,अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक वजाहत मिर्जा, विधायक माधवराव पाटिल जवळगावकर, मोहनराव हंबर्डे, जितेश अंतापूरकर, प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे, डॉ. राजू वाघमारे, नांदेड़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंदराव शिंदे नागेलीकर, पूर्व महापौर अब्दुल सत्तार, वरिष्ठ नेता बी. आर.कदम, केदार पाटिल सालुंखे सहित नांदेड़ शहर और जिले के कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।
