पुणे: लोकसभा चुनाव करीब हैं और कांग्रेस पार्टी ने इस चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत पार्टी की समीक्षा बैठक जारी है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्नीथला ने दी है। उन्होंने मंगलवार को पुणे की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कांग्रेस वंचित बहुजन अघाड़ी को अपने साथ लेना चाहती है और इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार की वंचित आघाडी के प्रकाश आंबेडकर से बातचीत चल रही है। महाविकास आघाडी महाराष्ट्र की सभी लोकसभा सीटों पर एक साथ चुनाव लड़ने पर सहमत हो गई है। चेन्निथला ने बताया कि सीट आवंटन पर चर्चा अंतिम चरण में है और जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस के पश्चिम महाराष्ट्र मंडल की जिलेवार समीक्षा बैठक पुणे में प्रभारी रमेश चेन्निथला की उपस्थिति और प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, पूर्व मंत्री और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और सह-प्रभारी आशीष दुआ, सोनल पटेल, विधायक रवींद्र धांगेकर, पूर्व मंत्री रमेश बागवे, पुणे शहर अध्यक्ष अरविंद शिंदे, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रशासन व संगठन नाना गावंडे, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय राठौड़, पूर्व विधायक दीप्ति चावधारी, कमल व्यवहारे, क्षेत्रीय प्रवक्ता अनंत गाडगिल, गोपाल तिवारी, संजय बालगुडे, क्षेत्रीय सचिव रामविजय बुरुंगले समेत कई नेता उपस्थित थे।
राजनीतिक फायदे के लिए धर्म का इस्तेमाल
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए रमेश चेन्निथला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक फायदे के लिए धर्म के नाम का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा भारत की महान परंपरा को तोड़ने का काम कर रही है। भगवान राम सभी के हैं लेकिन बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान राम का इस्तेमाल चुनाव के लिए कर रहे हैं। अयोध्या में प्राणप्रतिष्ठा समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां भी राजनीतिक भाषण दिया। शंकराचार्य अयोध्या के अधूरे मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा समारोह के विरोध में थे लेकिन बीजेपी और मोदी ने उन्हें भी नजरअंदाज कर दिया।
गुजरात में ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर का भी जीर्णोद्धार किया गया लेकिन उस समय इसका कोई राजनीतिक लाभ नहीं उठाया गया। किसी को भी मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे में प्रवेश करने से नहीं रोका जाता है। सभी लोगों को अपने धर्म के अनुसार स्वतंत्रता है लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार ने सांसद राहुल गांधी को असम में मंदिर जाने से रोक दिया। यह हमारी परंपरा नहीं है। राहुल गांधी को मंदिर में दर्शन के लिए आमंत्रित किया गया था लेकिन उन्हें जाने की इजाजत नहीं दी गई। असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर बीजेपी के गुंडों द्वारा हमला करने की घटना की कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए रमेश चेन्निथला ने कहा कि वंचित बहुजन आघाडी के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर को इंडिया गठबंधन में शामिल करने के लिए एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे चर्चा कर रहे हैं। कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रही है। चेन्निथला ने यह भी कहा कि सीट आवंटन निर्णय की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
