मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे (Eknath Khadse) को दिल का दौरा पड़ा है। इस बाबत जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने तत्काल एयर एंबुलेंस उपलब्ध करायी है। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। दिल का दौरा पड़ने की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया है। खबर है कि एकनाथ खडसे को इलाज के लिए मुंबई के एक अस्पताल में लाया जाएगा।
दोपहर के करीब खडसे के सीने में दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने खडसे को इलाज के लिए मुंबई लाने की तैयारी शुरू कर दी है। उनके लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं।
बीजेपी छोड़ एनसीपी में आए थे एकनाथ खडसे
एकनाथ खडसे एनसीपी में शामिल होने के पहले बीजेपी के आला नेता थे। हालांकि, तत्कालीन सीएम देवेंद्र फडणवीस की सरकार मे उनसे बन नहीं पाई। इसके अलावा भ्रष्टाचार के आरोप के बाद उन्हें मंत्री पद भी छोड़ना पड़ा। चालीस साल तक बीजेपी के साथ रहने के बाद पार्टी में अपनी उपेक्षा से परेशान होकर उन्होंने शरद पवार की मौजूदगी में एनसीपी जॉइन कर ली थी। एकनाथ खडसे को उत्तर महाराष्ट्र का कद्दावर नेता माना जाता है।
माजी मंत्री आदरणीय आमदार श्री. एकनाथराव खडसे यांना गेले दोन दिवस अस्वस्थ वाटतं असल्याने जळगाव येथे रुग्णालयात दाखल केले असून सावधगिरी म्हणून पुढील उपचारासाठी त्यांना मुंबईला नेले जाणार आहे. त्यांची तब्येत स्थिर आहे. काळजीचे कारण नाही@NCPspeaks
— Adv Rohini Eknathrao Khadse (@Rohini_khadse) November 5, 2023
चिंता की कोई बात नहीं…
एकनाथ खडसे की बेटी और एनसीपी महिला विंग की प्रदेश अध्यक्षा रोहिणी खडसे ने ट्वीट कर बताया कि चिंता कि कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि एकनाथ खडसे कि दो दिन से तबीयत खराब थी। इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। अब आगे के इलाज के लिए उन्हें मुंबई ले जाया जाएगा।
