मुंबई: महाराष्ट्र सरकार के बजट सत्र की शुरुआत के मौके पर राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिती तटकरे ने मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहन योजना के संदर्भ में अहम जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लाडली बहनों को फरवरी और मार्च की पैसे जल्द देने वाली है. हालांकि विपक्ष यह भी आरोप लगा रहा है कि सरकार इस योजना से 80 लाख महिलाओं को अलग करने जा रही है. इस पर अदिती तटकरे ने कहा कि विपक्ष शुरू से ही इस योजना के खिलाफ है.
कब मिलेंगे पैसे?
अदिति ठाकरे ने बताया कि मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना के फरवरी और मार्च महीने की किस्त 8 मार्च यानी महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सभी के बैंक अकाउंट में जमा हो जाएगी. पांच से छः मार्च तक सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. फरवरी और मार्च दोनों महीनो के पैसे 8 मार्च को राज्य की सभी लाडली बहनों को मिलेंगे. 8 मार्च को शनिवार होने के बावजूद सभी महिला लोक प्रतिनिधियों के लिए विधानमंडल के सभागृह में विशेष सत्र का आयोजन किया गया है.
80 लाख महिलाएं योजना से बाहर होंगी?
लाडली बहन योजना को लेकर महाराष्ट्र में इस बात की चर्चा है कि सरकार 80 लाख महिलाओं को इस योजना से बाहर करने का मन बना रही है. इस सवाल पर अदिती तटकरे ने कहा विपक्ष शुरू से ही इस अलग-अलग आरोप लगा रहा है. लेकिन अभी तक हम ढाई करोड़ महिलाओं तक इस योजना के माध्यम से पहुंच पाए हैं.
पिछले महीने भी हमने 2 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को इस योजना का लाभ दिलाया है. इसलिए जो महिला लाभार्थी अभी तक हैं वह इसी प्रकार आगे भी रहेंगी. महिलाओं द्वारा राज्य सरकार की इस योजना को काफी प्रतिसाद मिल रहा है. इसलिए विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है.
