नई दिल्ली: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के सीटों के बंटवारे पर फैसला लगभग अंतिम चरण में है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की। बीते मंगलवार को इंडिया अलायंस के घटक दलों की दिल्ली में अहम मीटिंग हुई थी। इस मीटिंग में मुख्य रूप से लोकसभा चुनाव के लिए सीट आवंटन के मुद्दे पर चर्चा हुई थी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बड़े राज्यों में महाराष्ट्र भी शामिल है।
महाराष्ट्र की 48 सीटों पर स्थानीय स्तर पर मुख्य रूप से शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कांग्रेस पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई है। शरद पवार और राहुल गांधी की मुलाकात के दौरान सांसद सुप्रिया सुले मौजूद रहीं।
एक गाड़ी में आए नजर
दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘इंडिया अलायंस’ के घटक दलों के विरोध प्रदर्शन के बाद शरद पवार और राहुल गांधी दोनों एक ही कार में बैठकर सीधे शरद पवार के आवास 6 जनपथ पहुंचे। वहां इन दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक चर्चा हुई।
Good News! महाराष्ट्र को मिली और एक वंदे भारत, मुंबई से कहां तक होगा सफर? पढ़ें
मुश्किल सीटों पर चर्चा
महाविकास अघाड़ी में अभी भी करीब 10 से 12 सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। इसमें हातकणंगले, कोल्हापुर जैसी प्रमुख सीटें भी शामिल हैं। इस विवाद को दिल्ली से सुलझाने का निर्णय लिया गया। माना जा रहा है कि इन दोनों नेताओं के बीच इन सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई।
इंडिया अलायंस में समन्वय की भूमिका
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इंडिया अलायंस के वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बैठाने की भूमिका शरद पवार को मिलने की काफी संभावना है। इस गठबंधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत कर शरद पवार इंडिया अलायंस को मजबूत करने में अहम महत्वपूर्ण और विश्वसनीय भूमिका निभा सकते हैं। माना जा रहा है इस संबंध में भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा भी हुई।
