पुणे: तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों पर शरद पवार ने बड़ा बयान दिया है। पुणे में मीडिया से बातचीत में शरद पवार ने कहा कि हमें कोई जानकारी नहीं थी कि कोई अलग नतीजा आएगा। दो राज्यों में बीजेपी की सरकार थी, उन्होंने अपना ज्यादा ध्यान वहीं केंद्रित कर रखा था। मुख्य रूप से राजस्थान मुद्दा है। राजस्थान में पिछले पांच साल से कांग्रेस सत्ता में थी। इसलिए अब राजस्थान की जनता का मूड है कि नए लोगों को मौका दिया जाए।
तेलंगाना नतीजे पर शरद पवार ने कहा…
शरद पवार ने तेलंगाना के नतीजे पर भी टिप्पणी की। पवार ने कहा कि जो इस समय सत्ता में हैं ऐसा लग रहा था कि अब भी उनके पास फिर से सत्ता जाएगी। लेकिन राहुल गांधी ने हैदराबाद में एक जनसभा की और बाजी पलट गई। शरद पवार ने कहा कि उस सभा में लोगों की भीड़ देखकर जब हम लोग आश्वस्त हो गए थे कि यहां बदलाव होगा। शरद पवार ने कहा कि यह भी स्वीकार करना चाहिए कि लोग बदलाव चाहते हैं।
ईवीएम के मुद्दे पर बोले शरद पवार
जहां कांग्रेस हारी है वहां कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि ये ईवीएम की जीत है। जब शरद पवार से इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये मामला मेरे भी कानों तक आया है। लेकिन इन सबके बारे में मेरे पास प्रामाणिक जानकारी नहीं है। जब तक इन सबके बारे में विश्वसनीय जानकारी मेरे पास नहीं आ जाती। तब तक मैं किसी को दोष नही दूंगा।
