मुंबई:बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के पी-नॉर्थ वार्ड ने मनोरी में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह जेनेवा रिसोर्ट समेत चार अवैध ढांचों को जमींदोज कर दिया। यह कार्रवाई नकली CTS नंबर के नक्शे पर आधारित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की गई निर्माणों के खिलाफ की गई है। बीएमसी की इस कार्रवाई में 7000 वर्गफीट क्षेत्रफल में फैला जेनेवा रिसोर्ट, 2300 वर्गफीट का एक बंगला और दो छोटे-छोटे घर (150 वर्गफीट प्रत्येक) शामिल थे। इस अभियान में दो जेसीबी मशीनें और 10 कर्मचारियों की टीम तैनात की गई थी।
चंद घंटों में रिसोर्ट जमींदोज
बीएमसी के सब इंजीनियर सुहास घोलप के नेतृत्व में बुलडोजर और अन्य मशीनों के साथ टीम ने तड़के मनोरी गांव पहुंचकर अवैध स्ट्रक्चरों को गिरा दिया। पी-नॉर्थ वार्ड के असिस्टेंट कमिश्नर कुंदन वालवी ने जानकारी दी कि सभी ढांचे नकली CTS मानचित्र का हिस्सा थे और SIT की रिपोर्ट में इनका खुलासा हुआ था।
103 अवैध ढांचे चिन्हित, कार्रवाई जारी
वालवी ने आगे बताया कि मढ आइलैंड, अक्सा बीच, मार्वे और मनोरी इलाके में 103 अवैध निर्माणों की पहचान की गई है, जो नकली CTS नक्शे के आधार पर बनाए गए हैं। इन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में इन सभी ढांचों को ध्वस्त किया जाएगा।
संगठित कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सागर राणे, असिस्टेंट इंजीनियर राजेश सुनावने, सब इंजीनियर सुहास घोलप और परवीन मुलूक की संयुक्त टीम शामिल थी। बीएमसी की यह मुहिम क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ा संदेश देती है।
