मीरा भायंदर: शहर के भाजपा (145) विधानसभा चुनाव प्रमुख एड. रवि व्यास ने मांग की है कि सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से अतिक्रमण करते हुए बनाये गए सभी मदरसों, दरगाह और मजारों पर प्रशासन तुरंत तोड़क कार्रवाई करे। साथ ही महानगरपालिका आरक्षित प्लॉट को विकसित करे जिसका लाभ सभी शहरवासियों को मिल सके। रवि व्यास ने इस बाबत उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मीरा भायंदर महापालिका कमिश्नर संजय काटकर, जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। ईमेल से की गयी शिकायत में न्यायालय आदेश की प्रति भी संलग्न की गई है।
एड. रवि व्यास के अनुसार आरक्षण क्रमांक 122 भायंदर पूर्व के गोल्डन नेस्ट में मदरसा अंजुमन ग़रीब नवाज का निर्माण किया गया है जो पूरी तरीके से अवैध है। इस मामले में न्यायप्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी है।
साथ ही भायंदर पूर्व उत्तन जेट्टी के पास भी मैंग्रोव को नष्ट करके और सभी सीआरजेड नियमों को ताक पर रखकर एक दरगाह का निर्माण किया जा रहा है। गौरतलब है कि ये दरगाह पूरी तरह समुद्री किनारे से सटी हुई है। साथ ही वसई-विरार हो या फिर मुंबई यहां इस रास्ते से आवागमन आसान है।
देवेंद्र फडणवीस को लिखा पत्र
रवि व्यास के मुताबिक मुंबई में हुए 1993 के बम ब्लास्ट के दौरान भी इसी तरह समुद्री किनारे को आरडीएक्स और हथियारों की लैंडिंग के लिए इस्तेमाल किया गया था। साथ ही 26/11 के आतंकी हमले के दौरान भी समुद्री रास्ते का प्रयोग किया था। ऐसे में जिन स्थानों पर निगरानी की कमी हो और अवैध निर्माण और असामाजिक तत्वों की गतिविधि की जानकारी हो उसमें प्रशासन को सजग और सतर्क रहना जरूरी है।
वरना आने वाले दिनों में ये किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए एक लैंडिंग पॉइंट बन सकता है। रवि व्यास ने सभी सम्बंधित प्रशानिक अधिकारियो को इस बारे मे सूचित करते हुए जल्द से जल्द एक्शन की मांग की है साथ ही राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी उचित दिशानिर्देश देने का निवेदन किया है।
