नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के उमरी तालुका में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान महाप्रसाद खाने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कलगांव (बु.) गांव में हुई इस घटना में 150 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
महाप्रसाद के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, हनुमान मंदिर में आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को आम्ररस और पुरन पोली का प्रसाद दिया गया था। प्रसाद खाने के कुछ घंटों के भीतर ही लोगों में उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए।
मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने के कारण स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। करीब 150 लोगों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जिनमें से 70 से ज्यादा मरीजों का इलाज अभी जारी है। कई मरीजों को उमरी के ग्रामीण अस्पताल और निजी क्लीनिकों में शिफ्ट किया गया।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। अतिरिक्त डॉक्टर और नर्सों की तैनाती की गई है, वहीं आसपास के क्षेत्रों से भी मेडिकल स्टाफ बुलाया गया है। निजी डॉक्टर भी इलाज में सहयोग कर रहे हैं।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है और किसी की जान को खतरा नहीं है। फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता लगाने के लिए प्रसाद के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उल्टी, दस्त या पेट दर्द जैसे लक्षण महसूस हों, तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।
