नई दिल्ली। पंचांग के अनुसार, 22 जुलाई (Sawan 2024 Date) से सावन के महीने की शुरुआत होने वाली है। यह महीना सृष्टि के रचयिता महादेव को समर्पित है। इस महीने में भगवान शिव और मां पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। साथ ही जीवन में सफलता प्राप्ति के सोमवार व्रत भी किया जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से साधक को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
सावन के उपाय
अगर आपको मनचाही जॉब नहीं मिल रही है या कारोबार में सफलता नहीं मिल रही है, तो ऐसी स्थिति में सावन के महीने में किए गए उपाय बेहद फलदायी साबित होते हैं। इस माह में पूजा के दौरान मां पार्वती को चांदी की पायल अर्पित करें। मान्यता है कि ऐसा करने से तरक्की में आ रही रुकावटों से मुक्ति मिलती है और करियर में सफलता मिलती है। साथ ही कारोबार में वृद्धि होती है।
विवाह में आ रही बाधा को सावन में दूर किया जा सकता है। सावन सोमवार के दिन भगवान शिव का सच्चे मन से अभिषेक करें। साथ ही जल्द विवाह होने की कामना करें। इस टोटके को करने से विवाह में आ रही बाधा दूर हो जाती है। मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए सावन सोमवार के दिन विधिपूर्वक भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा करें। साथ ही श्रद्धा अनुसार गरीब लोगों में दूध, दही, सफेद वस्त्र और मिठाई का दान करें। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस उपाय को करने से महादेव प्रसन्न होते हैं। उनकी कृपा साधक को प्राप्त होती है।
इसके अलावा भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सावन सोमवार की पूजा के दौरान पंचाक्षरी मंत्र ‘ॐ नमः शिवाय’ का जप करें। माना जाता है कि इस उपाय को करने से महादेव प्रसन्न होते हैं और जीवन के दुख और रोग दूर होते हैं।
