मुंबई: आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला विराजमान होंगे। खुद पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों भगवान श्रीराम का प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर अभी से तैयारियां शुरू हैं। इसी के मद्देनजर अयोध्या में दुनिया का सबसे बड़ा स्क्रीन लगाया गया है। इस स्क्रीन की ऊंचाई 211 फुट है। जल्द ही इसे गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जाएगा।
अयोध्या में लगा 211 फुट का स्क्रीन
प्रभू श्रीराम की पावन अयोध्या अयोध्या नगरी में देश और दुनिया का सबसे बड़ा सिनेमा स्क्रीन लगाया गया है। खासबात यह है कि ये स्क्रीन एलईडी (LED)वाली नहीं है। बल्कि इसे एक खास किस्म के फैब्रिक से बनाया गया है। मायानगरी मुंबई के मरोल स्थित Galalite Screen नामक कंपनी बीते 60 सालों से सिनेमा स्क्रीन मैन्युफैक्चरिंग का काम कर रही है।
इस कंपनी के डायरेक्टर्स ऑफ ऑपरेशन यूसुफ एस. गलाभाईवाला के मुताबिक जब उन्हें जब अयोध्या मंदिर के लिए स्क्रीन तैयार करने को कहा गया तो उनके पास जरा भी समय नहीं था। ऑर्डर के मुताबिक उन्हें तीन दिनों के अंदर 211 फ़ीट चौड़ा और 31 फ़ीट लंबे 2 सिनेमा स्क्रीन तैयार करके अयोध्या भेजना था। लेकिन उन्होने इस काम को समय से पूरा किया।
महज 36 घंटे में तैयार हुई विशाल स्क्रीन
यूसुफ एस. गलाभाईवाला के मुतबिक कंपनी ने पुणे के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में 14 मज़दूरों ने 2 शिफ्ट में काम करके इस स्क्रीन को सिर्फ 36 घंटों में तैयार किया। इसे तैयार करने के लिए एक एडवांस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
जिसे अल्ट्रा एज सीमलेस टेक्नोलॉजी कहते हैं। यह स्क्रीन 48 हिस्सों में था और ऐसे दो स्क्रीन पुणे की फैक्ट्री से ही असेम्बल होकर रोड ट्रांसपोर्ट से अयोध्या भेजे गए हैं।
