Kanpur News: कानपुर शहर के बजरिया पुलिस स्टेशन की हद में मौजूद रामबाग इलाके में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला की दिनदहाड़े घर में घुसकर अज्ञात लोगों ने लूटपाट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। जब यह घटना हुई तब महिला घर में अकेली थीं जबकि उनके पति बाजार से आम लेने गए थे। जब वो बाजार से वापस लौटे तब उन्हें इसकी जानकारी हुई। घर की पहली मंजिल से महिला की लाश मिली है। फिलहाल पुलिस फारेंसिक टीम की मदद से मामले की तफ़्तीश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक हरसहाय जगदंबा इंटर कॉलेज से रिटायर्ड टीचर सुनील कुमार मिश्रा रामबाग इलाके में अपनी 71 वर्षीय पत्नी प्रेमलता मिश्रा के साथ रहते थे। जबकि उनका एक बेटा लखनऊ और एक बेटा इंग्लैंड में रहता है।
बुधवार दोपहर दो बजे जब सुनील कुमार मिश्रा आम खरीदने के लिए घर से बाजार गए थे। तकरीबन एक घंटे बाद घर लौटने पर उन्होंने ऊपर के कमरे में पत्नी को आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने ऊपर कमरे में जाकर देखा तो वह मृत पड़ी थीं। साथ ही, अलमारी का ताला टूटा हुआ था और लाखों रुपए के जेवर और नकदी गायब थी।
स्टंटबाजी में गई जान, गंगा बैराज पर खंबे से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक की हालत नाजुक
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सुनील कुमार मिश्री ने पत्नी की हत्या और घर में लूटपाट की सूचना फौरन पड़ोसियों और पुलिस को दी। खबर मिलते ही बजरिया और सीसामऊ पुलिस मौके पर पहुंची, खुद एडिशनल सीपी सेंट्रल राजेश कुमार पाण्डेय भी मौके पर मौजूद थे। आसपास के सीसीटीवी कैमरों और खबरियों की मदद से पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है।
मृतक महिला का बड़ा बेटा प्रवीन लखनऊ में आईआईटी की कोचिंग पढ़ाता है जबकि छोटा बेटा रवि इंग्लैंड में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों बेटे भी वापस लौट रहे हैं।