नई दिल्ली: बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को अपने भतीजे आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी चुना है। आकाश उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर सभी राज्यों में पार्टी के विकास के लिए काम करेंगे। मायावती ने यूपी और उत्तराखंड की जिम्मेदारी फिलहाल अपने पास रखी है। आज लखनऊ में बसपा (बहुजन समाज पार्टी) की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई थी। इस बैठक में मायावती ने अपने उत्तराधिकारी के तौर पर आकाश आनंद के नाम का ऐलान किया। लिहाजा कौन हैं आकाश आनंद, आइए जानते हैं।
कौन हैं आकाश आनंद?
28 साल के आकाश मायावती के भाई आनंद कुमार के बेटे हैं। आकाश ने लंदन से एमबीए किया है। साल 2017 में मायावती उन्हें राजनीति में लेकर आई थीं। तब से वह पार्टी के कामकाज और फैसलों में शामिल हैं। उन्हें बसपा के कई कार्यक्रमों में भी देखा गया था। साल 2019 में उन्हें बीएसपी का उपाध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया था। लेकिन मायावती के मुताबिक आकाश ने भाई-भतीजावाद के कारण पद लेने से इनकार कर दिया था।
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में आकाश पार्टी की चुनावी रणनीति के प्रभारी थे। साथ ही 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी के सोशल मीडिया विभाग का प्रबंधन भी संभाला था। बताया जा रहा है कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए उन्हें मौका दिया गया है। इसलिए बीएसपी कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि वे पार्टी को बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
