नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में एक संदिग्ध बैग ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गणेशपेठ इलाके में एक मकान के बाहर पड़ी थैली से डेटोनेटर और जिलेटिन की छड़ें बरामद हुईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को तुरंत घेर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर पुलिस ने तुरंत बम स्क्वाड को बुलाया। साथ ही स्वान पथक (डॉग स्क्वाड) को भी मौके पर लगाया गया। संदिग्ध बैग की जांच बेहद सावधानी से की गई ताकि किसी तरह का खतरा टाला जा सके।
राम नवमी रूट से जुड़ा है मामला
इस घटना को लेकर सबसे अहम बात यह सामने आई है कि कुछ दिन पहले ही राम जन्मोत्सव के दौरान इसी रास्ते से शोभायात्रा निकली थी। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस एंगल से भी जांच कर रही हैं।
संवेदनशील इलाके के पास मिला बैग
गणेशपेठ इलाका मोमिनपुरा से सटा हुआ है, जिसे नागपुर का संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। इस वजह से पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
कई दिनों से पड़ा था बैग
पुलिस के मुताबिक यह बैग कई दिनों से वहीं पड़ा हुआ था, लेकिन आज सुबह किसी की नजर इस पर पड़ी। शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।
इलाके में सुरक्षा कड़ी
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डेटोनेटर और जिलेटिन यहां कैसे पहुंचे। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
नागपुर में इस तरह संदिग्ध विस्फोटक सामग्री का मिलना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बड़ा संकेत माना जा रहा है। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से किसी बड़े खतरे को टाल दिया गया।
