मीरा रोड: मुंबई से सटे मीरा रोड में मसाज सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार चलाए जाने का मामला सामने आया है। मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने मीरा रोड ईस्ट स्थित डिवाइन वेलनेस स्पा सेंटर पर छापेमारी कर एक मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू कराया है, जबकि स्पा सेंटर के दो मालिकों को वांटेड घोषित किया गया है।
बोगस ग्राहक भेजकर क्राइम ब्रांच ने बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, एक एनजीओ के जरिए क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि मीरा रोड ईस्ट के मैरीगोल्ड इलाके में आरबीके स्कूल के पास, एमबीएमसी पानी की टंकी के सामने मुकुंद रितु बिल्डिंग के शॉप नंबर 6 और 7 में स्थित डिवाइन वेलनेस स्पा सेंटर में मसाज के नाम पर कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के लिए क्राइम ब्रांच की महिला अत्याचार प्रतिबंधक एवं विशेष बाल संरक्षण और देखभाल इकाई की सीनियर पीआई तृप्ति देशमुख के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने पहले बोगस ग्राहक और पंच को स्पा सेंटर में भेजा। इसके बाद मौके पर छापेमारी कर मैनेजर को हिरासत में लिया और पांच युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
चार से पांच साल से चल रहा था कथित कारोबार
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटर में पिछले चार से पांच साल से मसाज की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, नकदी, आपत्तिजनक सामग्री और डेबिट कार्ड स्वाइप मशीन समेत अन्य सामान जब्त किया है।
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस कथित कारोबार में गिरफ्तार मैनेजर और मालिकों के अलावा अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही युवतियों को स्पा सेंटर तक लाने वाले एजेंटों और बिचौलियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
दो मालिक फरार, पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई
इस मामले में स्पा सेंटर के दो मालिकों को वांटेड बताया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। रेस्क्यू की गई पांचों युवतियों को सुरक्षित महिला सुधारगृह भेजने की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, गिरफ्तार मैनेजर और फरार मालिकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम यानी पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच डीसीपी संदीप डोईफोडे, एसीपी नितिन पाटील और सीनियर पीआई तृप्ति देशमुख की टीम शामिल रही। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
