देहरादून: उत्तराकाशी की सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जब बचाव कार्य अंतिम चरण में था तभी कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से बचाव कार्य को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। बचाव अभियान के दौरान खुदाई करने वाली मशीन खराब हो गई। इस समस्या को हल करने का काम कल (गुरुवार) रात भर से शुरू था। इसके कारण पिछले 15 से 16 घंटे से खुदाई नहीं हो सकी है। कल दोपहर करीब 1 बजे ऑगर मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद इसे ठीक करने की कोशिश की जा रही थी। जिसमें अब सफलता मिली है।
उत्तरकाशी सुरंग बचाव पर पीएमओ के पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे ने कहा कि अब स्थिति ठीक है। कल रात हमारे पास काम करने के लिए दो चीजें थीं। सबसे पहले, हमें मशीन के प्लेटफ़ॉर्म को फिर से कॉन्फ़िगर करना था और फिर पाइप पर हल्के दबाव के साथ आगे बढ़ना था। एक बार यह पूरा हो जाने के बाद हमने बरमा ड्रिलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
#WATCH उत्तरकाशी सुरंग बचाव पर PMO के पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे ने कहा, "अभी स्थिति काफी ठीक है। कल रात हमें दो चीज़ों पर काम करना था। सबसे पहले, हमें मशीन के प्लेटफॉर्म का पुनर्गठन कर दिया और इसके बाद पाइप पर जो थोड़ा दबाव था उसे काटने का काम चल रहा है ये पूरा हो जाने के बाद… pic.twitter.com/Opc2IhJbj8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 24, 2023
ग्राउंड पेनेट्रेशन रडार का उपयोग करके पार्सन्स कंपनी द्वारा किए गए एक अध्ययन से पता चला कि अगले 5 मीटर तक कोई धातु अवरोध नहीं था। इसके मुताबिक, अगर ड्रिल मशीन ठीक से काम करेगी तो पाइप सुरंग में फंसे मजदूरों के काफी करीब तक पहुंच जाएगी। उसके बाद आज रात तक सभी मजदूरों के बाहर आने की संभावना है।
ड्रिलिंग शुरू
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार खुदाई शुरू हो गई है। अगर कोई दिक्कत नहीं पेश आई तो आज काम पूरा हो जाएगा। उसके बाद आज रात तक सभी मजदूरों के बाहर आने की संभावना है।
मेडिकल टीम अलर्ट मोड पर…
उत्तरकाशी के सिल्कियारा टनल में फंसे श्रमिकों को निकालने के बाद उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एम्स ने भी पूरी तैयारी कर ली है। एम्स प्रशासन का कहना है कि अगर श्रमिकों को एम्स भेजा जाएगा तो उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
इसे भी पढ़ें:राजस्थान में BJP उम्मीदवारों का प्रचार कर रहे एकनाथ शिंदे! बोले-डबल इंजन सरकार लाओ’
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री धामी से फोन पर चर्चा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने सुरंग में फंसे श्रमिकों की स्थिति और उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे भोजन और दैनिक आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में लगे कर्मियों की स्थिति और सुरक्षा के बारे में भी जानकारी ली।
