कोल्हापुर: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कर्जत में अपने भाषण में शरद पवार को लेकर कई खुलासे किए हैं। ये खुलासे असल में उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया इसको लेकर था। अजित पवार के इन खुलासों से सियासी गलियारे में तरह तरह की चर्चा शुरू है। अजित पवार के बयान पर एनसीपी (शरद पवार गुट) ने कड़ा जवाब दिया। दरअसल अजित पवार ने कहा कि उस समय अनिल देशमुख भी हमारे साथ आने वाले थे लेकिन उन्होंने उस वक्त इनकार कर दिया था।
इस पर अजित गुट के मंत्री हसन मुश्रीफ ने टिप्पणी की है। मुश्रीफ ने कहा कि ये सच है कि अनिल देशमुख भी हमारे आने वाले थे लेकिन फिर उन्होंने मना कर दिया।
सुप्रिया सुले के खिलाफ उम्मीदवार उतारेंगे अजित पवार!
कर्जत में अजित पवार ने ऐलान किया है कि वह आगामी लोकसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ेंगे। वे बारामती लोकसभा क्षेत्र से भी उम्मीदवार उतारेंगे जहां से उनकी चचेरी बहन सुप्रिया सुले सांसद हैं। हसन मुशरिफ ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जहां भी हमारे सांसद हैं।
हम उन सीटों पर चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इसमें बारामती भी शामिल है। हसन मुश्रीफ ने कहा कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए हमें ईमानदारी से चुनाव लड़ना होगा।
जितेंद्र आव्हाड के ट्वीट का जवाब दिया
शरद पवार गुट के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने ट्वीट के जरिए अजित पवार गुट को घेरते हुए कहा कि उन्हें एक नई पार्टी बनानी चाहिए। उन्हें नए लक्ष्य तय करने चाहिए और अपनी योग्यता साबित करनी चाहिए।
इस पर मुश्रीफ ने कहा कि वह उस पार्टी को कैसे छोड़ सकते हैं जिसमें उन्होंने इतने सालों तक काम किया है? कड़ी मेहनत से विकसित हुई पार्टी को लेकर लोगों में अलग-अलग भावनाएं हैं।
