मुंबई: देश की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपनी मुंबई यात्रा के दौरान मायानगरी की लोकल ट्रेन में सफर किया। उन्होंने सेंट्रल लाइन पर मौजूद घाटकोपर से कल्याण स्टेशन और वापसी तक मुंबई लोकल ट्रेन में यात्रा की। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में सुर्खियां बनीं हुई हैं। इस दौरान वित्त मंत्री ने लोकल ट्रेन में मौजूद यात्रियों से भी बातचीत की। मंत्री महोदया ने स्टेशन के कर्मचारियों और अधिकारियों से भी बातचीत की।
वित्त मंत्री ने घाटकोपर से कल्याण के दौरान दोपहर 12:42 बजे बदलापुर एसी फास्ट लोकल में सफर किया। बाद में, वापसी यात्रा के लिए, उन्होंने शाम 5:39 बजे कल्याण से छूटने वाली फास्ट नॉन एसी लोकल ट्रेन का विकल्प चुना।
सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लोकल ट्रेन में की यात्रा लोकल ट्रेन से यात्रा करने का मंत्री का निर्णय न केवल सार्वजनिक परिवहन और मुंबई लोकल ट्रेनों की विश्वसनीयता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है बल्कि रोजमर्रा के यात्रियों की चुनौतियों और अनुभवों को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करने के प्रति उनके समर्पण को भी दर्शाता है।
