Saturday, April 18, 2026
No menu items!
Homeराज्य की खबरेंमप्रः शिवराज-सिंधिया समेत चार केंद्रीय मंत्री पहुंचे भाजपा कार्यालय

मप्रः शिवराज-सिंधिया समेत चार केंद्रीय मंत्री पहुंचे भाजपा कार्यालय

– पं. दीनदयाल और डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण

भोपाल (Bhopal)। केंद्र में मध्यप्रदेश से मंत्री बनाए गए शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर रविवार शाम को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां सभी नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल रहे।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल प्रदेश के छह मंत्रियों का भाजपा कार्यालय में रविवार शाम को अभिनंदन समारोह किया जाना था, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया की पत्नी के निधन के बाद पार्टी ने इसे स्थगित कर पुष्पांजलि अर्पण तक सीमित किया, जिसमें पार्टी के संस्थापक नेताओं की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पुष्पांजलि के पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य व वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण जटिया की धर्मपत्नी का आज देवलोकगमन होने के कारण सभी कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल प्रदेश के 6 मंत्रियों का अभिनंदन समारोह स्थगित कर दिया गया है। आज प्रदेश भर से कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्रियों का अभिनंदन करने भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर, लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने वरिष्ठ नेताओं के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मैं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को भगवान अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा जटिया परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

पुष्पांजलि के पश्चात केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि विजनरी नेता, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश से पांच केंद्रीय मंत्री बनाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल कर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके हम सब आभारी हैं। प्रधानमंत्री की कसौटी पर खरे उतरें, इस संकल्प के लिए दिन-रात काम करेंगे और मेहनत की पराकाष्ठा करेंगे। खेती अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा हैं। मंत्रियों के रूप में प्रधानमंत्री ने जो हम सबको जिम्मेदारी दी है, उसको पूरा करने के लिए हम लोगों ने पदभार संभालने के साथ ही कार्य को समझना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि हम सबका सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में जिस पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए हैं, वह फाइल प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की है। प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को वाराणसी से देश के करीब साढ़े नौ करोड़ किसानों को सम्मान निधि जारी करेंगे।

शिवराज सिंह ने किया रोड शो, महिलाओं ने गाया.. फूलों का तारों का सबका…
इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर में शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शिवराज सिंह ने भोपाल में रोड शो भी किया। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत सत्कार किया गया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह शाम को भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां शिवराज को देखकर बीजेपी कार्यालय में आई कुछ महिलाओं ने ‘फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरे भैया है…’ उनके लिए गाना गाया। यह देखकर शिवराज सिंह महिलाओं के पास पहुंचे। महिलाओं ने उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया।

दो केंद्रीय मंत्री नहीं आए भोपाल
शिवराज सिंह के अलावा मोदी मंत्रिमंडल में शामिल केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर भाजपा कार्यालय पहुंचीं। दो केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरूगन और डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

leadnewstoday
leadnewstodayhttps://leadnewstoday.com/
आप सभी का LEAD NEWS TODAY में स्वागत है. LEAD NEWS TODAY एक समाचार (न्यूज) वेबसाइट है. जो निष्पक्ष, प्रामाणिक और भरोसेमंद तरीके से अपने दर्शकों और पाठकों तक खबरों को पहुंचाती है. महाराष्ट्र समेत देश, दुनिया की सारी ताजा खबरें आप तक पहुँचाने का हमारा प्रयास है. LEAD NEWS TODAY में आपको राजनिती से लेकर बिजनेस, मनोरंजन, बॉलीवुड, स्पोर्ट्स, क्राइम और लाइफस्टाईल इन सभी क्षेत्रों की ताजा खबरें पढने को मिलेंगी.... LEAD NEWS TODAY Is best Hindi News Portal. We covers latest news in politics, entertainment, bollywood, business and sports.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments