नई दिल्ली। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति को लेकर दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी । इस बैठक में शाह ने शीर्ष अधिकारियों को जम्मू क्षेत्र में उभरते आतंकवाद का कड़ा जवाब देने का निर्देश दिया थी। इधर, जम्मू क्षेत्र में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को जम्मू का दौरा करेंगे। उनसे नगरोटा में व्हाइट नाइट कोर मुख्यालय में एक बैठक करने की उम्मीद है, जहां उन्हें क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी।
पिछले दो सप्ताह में आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के रियासी, कठुआ और डोडा जिलों में चार स्थानों पर हमले किए, जिसके परिणामस्वरूप एक सीआरपीएफ जवान सहित 9 लोगों की मौत हो गई। 12 जून को कठुआ जिले में सुरक्षा बलों ने दो संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया था और उनके पास से भारी मात्रा में सैन्य सामग्री और गोला-बारूद बरामद किया था ।
