Congress News: कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने आज (मंगलवार) भारत के पहले प्रधान मंत्री जवाहरलाल नेहरू (Jawahar Lal Nehru) को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्हें आधुनिक भारत का मुख्य शिल्पकार बताया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अजय माकन और अन्य पार्टी नेताओं ने शांति वन में नेहरू के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) भी मौजूद थे
इस मौके पर नाना पटोले ने कहा कि आज मेरी मुलाकात केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश से हुई। मैं यहां नेहरू जयंती कार्यक्रम के लिए आया था। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। आज इस पर चर्चा हुई, हमने पुख्ता तैयारी की है। साथ ही आने वाले समय में समय आने पर महाराष्ट्र कांग्रेस कुछ बड़े नेताओं का प्रवेश होगा। हम इसके लिए राहुल गांधी का समय ले रहे हैं। यह प्रवेश किस नेता का है ये आपको जल्द पता चलेगा।
महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या थम नहीं रही: नाना पटोले
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक आशीष शेलार की आलोचना करते वक्त उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत की जुबान फिसल गई। जब नाना पटोले से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस बारे में बात करने से बचते नजर आए। नाना पटोले ने कहा, कौन क्या बयान दे रहा है, इस पर हम ध्यान नहीं दे रहे हैं। राज्य में कई बड़ी समस्याएं हैं। महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या थम नहीं रही है। ऐसा लगता है कि राज्य कोई सुसाइड सेंटर बन गया है। महाराष्ट्र से बड़े उद्योग राज्य से गुजरात जा रहे हैं, यह सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
नाना पटोले ने कहा कि राज्य में सूखे की स्थिति है। अतिवृष्टि का पैसा किसानों को नहीं दिया गया। नाना पटोले ने कहा कि किसान संकट में हैं और शिवाजी महाराज के राज्य में सब कुछ उल्टा हो रहा है। सब कुछ लूटकर सूरत को दिया जा रहा है।
