Subrata Roy News: सहारा समूह के मुखिया सुब्रत रॉय का मंगलवार रात दुखद निधन हो गया हैं। उन्हें लोग प्यार से सहाराश्री भी पुकारते थे। सहाराश्री सुब्रत रॉय के निधन पर कई दिग्गज शोक व्यक्त कर रहे है। सुब्रत रॉय 75 साल के थे। कठिन परिस्थितियों से जूझकर सुब्रत रॉय ने खुद को भारत में एक प्रसिद्ध बिजनेस टाइकून के रूप में स्थापित किया था। सुब्रत रॉय ने एक बार आर्थिक संकट में फंसे महानायक अमिताभ बच्चन को ‘सहारा’ दिया था। आइए जानते हैं कि आखिर क्या थी वो कहानी?
सुब्रत रॉय ने की थी अमिताभ बच्चन की मदद
साल 1990 से 2000 का समय अमिताभ बच्चन के करियर का सबसे असफल दौर था। एक तरफ फिल्में फ्लॉप हो रही थीं और दूसरी तरफ महानायक अमिताभ बच्चन लगभग दिवालिया हो चुके थे। इस मुश्किल से बाहर निकलने के लिए बिग बी ने कई बड़े राजनेताओं और उद्योगपतियों के दरवाजे खटखटाए लेकिन किसी ने मदद नहीं की। कहा जाता है कि सहारा ग्रुप के मुखिया सुब्रत रॉय ने उस वक्त बिग बी को आर्थिक मदद दी थी।
कैसे हुई अमिताभ बच्चन और सुब्रत रॉय की दोस्ती
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब अमिताभ बच्चन दिवालिया हो गए थे तो अमिताभ बच्चन के दोस्त अमर सिंह बिग बी के साथ सुब्रत रॉय से मिलने गए थे। सुब्रत रॉय ने अमिताभ बच्चन को उस बड़े आर्थिक संकट से उबरने में मदद की थी। यहीं से दोनों के बीच दोस्ती शुरू हुई थी। सुब्रत रॉय अमिताभ बच्चन के हर पारिवारिक समारोह में शामिल होते थे। ये दोस्ती आख़िर तक बरकरार रही।
सुब्रत रॉय के निधन से दुखी
देशभर में ‘सहाराश्री’ के नाम से मशहूर सुब्रत रॉय सहारा ने 1978 में गोरखपुर में कारोबार शुरू किया और सहारा इंडिया परिवार की नींव रखी। उन्होंने कड़ी मेहनत और दिमाग से इतनी ख्याति अर्जित की। साल 2012 में इंडिया टुडे पत्रिका ने सुब्रत रॉय को भारत के 10 सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल किया था। सुब्रत रॉय के निधन पर चारों तरफ शोक व्यक्त किया जा रहा है।
