पणजी: गोवा में बीते 20 नवंबर से इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आगाज हुआ है। हालांकि, अब इससे जुडी एक अहम खबर सामने आई है। दरअसल गोवा के जिस कला अकादमी भवन में इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन हुआ है। उसके रिनोवेशन (नवीनीकरण) को लेकर अब सवाल उठाए जा रहे हैं। गोवा के आरटीआई एक्टिविस्ट टीजे अब्राहम ने इस बाबत प्रमोद सावंत सरकार से कुछ खास जानकारी मांगी है।
आरटीआई के जरिये जानकारी हासिल करने की भी अपनी एक बड़ी वजह है। दरअसल इसी साल रिनोवेशन (नवीनीकरण) के दौरान ऑडिटोरियम के छज्जे (स्लैब) गिरने का मामला सामने आया था। तब राज्य की विपक्षी पार्टियों ने सरकार पर अपने करीबियों को रिनोवेशन का कांट्रेक्ट देने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।
वर्क ऑर्डर पर भी उठे सवाल?
बात यहीं नहीं रुकी थी, भ्रष्टाचार से जुड़े इस मुद्दे को गोवा विधानसभा के मानसून सत्र के प्रश्नकाल के दौरान गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के विधायक विजय सरदेसाई ने उठाया था। उन्होंने विधानसभा में कला अकादमी भवन के रिनोवेशन के लिए 49 करोड़ रुपये के वर्क ऑर्डर (कार्य आदेश आवंटन) पर सवाल उठाए थे। उनका यह सवाल था कि आवंटन के दौरान कला और संस्कृति विभाग को दरकिनार क्यों किया गया?
आरटीआई में पूछे ये सवाल
हालांकि, अब कला अकादमी भवन के फिर से शुरू होने के बाद इसके रिनोवेशन को लेकर टीजे अब्राहम ने आरटीआई के जरिए जवाब मांगा है। टीजे अब्राहम ने अपनी एप्लीकेशन में ये पूछा है कि उस ठेकेदार का क्या हुआ जिसके कॉन्ट्रैक्ट के दौरान स्लैब गिरा था? क्या हादसे के बाद उस कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट रद्द किया गया था?
इसके अलावा, क्या स्लैब गिरने के हादसे के बाद सरकार ने कांट्रैक्टर से कोई हादसे के बाबत को पूछताछ की थी? अगर हां तो उस जवाब में कंपनी ने क्या कहा उसकी भी जानकारी दी जाए।
आरटीआई एक्टिविस्ट टीजे अब्राहम ने कांट्रैक्ट देने वाली अथॉरिटी की भी जानकारी मांगी है। साथ ही कंपनी चयन प्रक्रिया की भी जानकारी मांगी है। बहरहाल रिनोवेशन के बाद कला अकादमी को इसी महीने गोवा के सीएम प्रमोद सावंत द्वारा फिर से खोला गया था।
