नागपुर। महाराष्ट्र में ‘हिट एंड रन’ का सिलसिला जारी है। नागपुर में नंदनवन पुलिस स्टेशन अंतर्गत वेंकटेशनगर चौक में केडीके कॉलेज के पास नाबालिग कार चला रहा था। काले रंग की स्कोडा नियंत्रण से बाहर हो गई। अनियंत्रित कार ने पहले सड़क किनारे खड़े कुछ दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी और फिर फल-सब्जी विक्रेताओं और कुछ राहगीरों की भीड़ में घुस गई। बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार आखिरकार सड़क किनारे एक पेड़ से टकराने के बाद रुकी। इसी दौरान 5 लोगों को कुचल डाला। भीड़ ने नाबालिग को कार से खींचकर इतना मारा कि वो मराणासन्न अवस्था में पहुंच गया है। इसके पहले हुए पुणे पोर्श कांड को लोग अभी भूल भी नहीं पाए हैं।
कार दुर्घटना से सड़क पर कोहराम मच गया। फल और सब्जी विक्रेताओं सहित पांच लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर बनी हुई है। कई वाहन बर्बाद हो गए। गुस्साई भीड़ ने नाबालिग को कार से बाहर खींच कर सड़क पर गिरा लिया। बेकाबू भीड़ ने बुरी तरह से मारा, जिससे वह मरने तक की कगार पर पहुंच गया। किशोर ने अपनी मदद के लिए लोगों से गुहार लगाई। बाद में कुछ लोगों ने आरोपी नाबालिग को भीड़ से बचाया और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। घायलों की पहचान महेंद्र अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, सब्जी विक्रेता बसंती गोंड, गोलू साहू और कार्तिक के रूप में हुई है।
वेंकटेशनगर में सड़क पर सब्जी मंडी लगती है। यहां बसंती, गोलू और कार्तिक की दुकानें हैं। शनिवार दोपहर करीब एक बजे अग्रवाल दंपती फल और सब्जी खरीदने के लिए रुके। इसी दौरान नाबालिग कार चालक ने पहले बाइक को टक्कर मारी और तीनों को कुचल दिया। अग्रवाल दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। इस घटना से सब्जी विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। इसके बाद इलाके के नागरिक गुस्से में दिखे। उन्होंने नाबालिग ड्राइवर को कार से बाहर निकाला और पिटाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने नाबालिग और कार मालिक मंगेश गोमाशे को हिरासत में ले लिया। गोमाशे एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ है। गैराज में काम करने वाले नाबालिग को गोमाशे ने चाबियां दी थीं। दरअसल, नाबालिग से उसके मालिक ने रास्ते में खड़ी कार को दूर कहीं खड़ी करने को कहा था। पुलिस ने नाबालिग को कार चलाने को मजबूर करने के लिए गैराज के मालिक महेश गोनाडे को भी हिरासत में लिया है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सब्जी खरीद रहे बुजुर्ग दंपती महेंद्र अग्रवाल और उनकी पत्नी वंदना टक्कर लगने से कई मीटर दूर जाकर गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। एक अन्य ने भयावह घटना को याद करते हुए बताया कि कार बगल की गली में गैराज की दिशा से आई और तेज गति से फुटपाथ पर भीड़ में घुस गई। यह घटना इतने कम समय में हुई कि कोई भी भाग नहीं सका।
नंदनवन पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक पोपटराव धायतोंडे ने कहा कि कार और गैराज के मालिकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा, हमने नाबालिग के खून का नमूना लिया। तीन घायलों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
