नागपुर: मुंबई प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा और विधायक वर्षा गायकवाड ने महाराष्ट्र सरकार से मुंबई फायर ब्रिगेड की महिला कर्मचारियों के लिए अलग और स्वतंत्र पॉलिसी की मांग की है।
वर्षा गायकवाड ने मंगलवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में बताया कि वास्तव में शहर के 33 केंद्रों पर 116 महिला फायर फाइटर काम कर रही हैं। मुंबई में आपात स्थिति से निपटने के लिए महिलाएं बड़ी संख्या में काम करती हैं। जो अपने आप में प्रशंसनीय है। हालांकि,महिला फायर फाइटर्स के लिए कोई स्वतंत्र नीतियां नहीं हैं। पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं पर भी समान नियम लागू हो रहे हैं।
वर्षा गायकवाड ने कहा कि माहवारी (पीरियड्स) के दौरान महिलाओं के लिए और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग नियम होने की जरूरत है। इसके अलावा, महिलाओं के लिए अलग शौचालय या विश्राम कक्ष की व्यवस्था भी नहीं है।
