धुले| महाराष्ट्र के धुले जिले से किसानों की बदहाल स्थिति की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। साक्री तालुका के किसान साहेबराव कारंडे ने ग्वार की फसल का बेहद कम दाम मिलने से नाराज होकर करीब डेढ़ क्विंटल ग्वार सड़क पर फेंक दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
किसान का आरोप है कि मंडी में उन्हें ग्वार का सिर्फ 1 रुपये किलो भाव बताया गया। जबकि फसल उगाने में बीज, खाद, सिंचाई, मजदूरी और परिवहन पर हजारों रुपये खर्च हुए थे। किसान ने कहा कि एक एकड़ में ग्वार की खेती करने के बाद भी उन्हें लागत तक नहीं मिल पाई।
मजदूरी भी नहीं निकलने का दावा
साहेबराव कारंडे के मुताबिक, ग्वार तोड़ने के लिए 10 से 12 मजदूर लगाए गए थे। मजदूरी और ट्रांसपोर्ट का खर्च उठाने के बाद जब वह फसल बेचने बाजार पहुंचे तो बेहद कम कीमत सुनकर हैरान रह गए। गुस्से में किसान ने अपनी फसल सड़क पर फेंककर विरोध जताया।
हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ अन्य किसानों ने दावा किया कि बाजार में 10 रुपये किलो तक का भाव भी नहीं मिल रहा है। किसानों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत और गिरते बाजार भाव की वजह से खेती अब घाटे का सौदा बनती जा रही है।
MSP और बाजार नियंत्रण की मांग तेज
इस घटना के बाद इलाके के किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। किसानों ने सरकार से फसलों के लिए उचित समर्थन मूल्य (MSP) तय करने और बाजार नियंत्रण की मांग की है।
किसानों का कहना है कि यदि फसलों का सही दाम नहीं मिला तो आने वाले समय में खेती करना और मुश्किल हो जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोग भी किसानों की स्थिति को लेकर चिंता जता रहे हैं।
