जयपुर: श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की राजस्थान के जयपुर में आज गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अपराधियों ने सुखदेव सिंह के साथ मौजूद बॉडीगार्ड को भी गोली मार दी। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गय, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को मृत घोषित कर दिया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल श्याम नगर पुलिस मौके पर है। यह घटना श्याम नगर में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखदेव सिंह गोगामेड़ी अपने आवास पर थे। उसी वक्त उन पर हमला हुआ। अज्ञात आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी। बताया जा रहा है कि सुखदेव सिंह को पहले लॉरेस विश्नोई गैंग के संपत नेहरा से धमकी मिली थी। धमकी मिलने के बाद सुखदेव ने जयपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
दोपहर में आरोपियों ने चलाई अंधाधुंध गोलियां
जानकारी के मुताबिक चार आरोपी दो स्कूटरों पर आए थे। पुलिस के मुताबिक सुखदेव सिंह गोगामेड़ी मंगलवार दोपहर करीब 1.45 बजे श्याम नगर रोड पर अपने घर के बाहर खड़े थे। उसी समय आरोपियों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। गोगामेडी को तुरंत पास के मेट्रो मास अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही करणी सेना के कार्यकर्ता मेट्रो मास हॉस्पिटल के बाहर जमा हो गए हैं।
पुलिस के पास क्या अपडेट?
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंच गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस की एक टीम मौके पर है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
किससे हुआ था मतभेद?
सुखदेव सिंह पहले राष्ट्रीय करणी सेना में थे लेकिन मतभेद के बाद उन्होंने अपना स्वतंत्र संगठन बना लिया था। इस संगठन का नाम उन्होंने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना रखा था। वह इस संस्था के अध्यक्ष थे। जब संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ का राजस्थान में विरोध हुआ था। उस वक्त सुखदेव सिंह के कई बयान वायरल हुए थे।
कार्यकर्ताओं में गुस्सा
सुखदेव सिंह की हत्या के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। जयपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। एहतियात के तौर पर श्याम नगर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा हो गए हैं। अस्पताल परिसर की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
