मुंबई: आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अमेठी और वायनाड लोकसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में एक बार फिर अमेठी के चुनाव में राहुल गांधी बनाम स्मृति ईरानी (Smriti Irani) की चुनावी जंग देखने को मिलेगी। पिछले चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी में हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) भी उतरने जा रही हैं। वह रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।
अमेठी से हुई राहुल गांधी के राजनीतिक करियर की शुरुआत
राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2004 में अमेठी से की थी। तब उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की थी। हालांकि,साल 2019 के चुनाव में वह बीजेपी नेता स्मृति ईरानी से हार गए थे। फ़िलहाल राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए देशभर में लोगों से मिल रहे हैं। इसके तहत वह अमेठी भी गये थे।
कहा जा रहा था कि इस बार राहुल इस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। राहुल के दिवंगत चाचा संजय गांधी, दिवंगत पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी भी अमेठी से सांसद रहे हैं।
स्मृति ईरानी की चुनौती
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को खुली चुनौती दी थी। ईरानी ने उनसे एनडीए और यूपीए दोनों के दस-दस साल के कार्यकाल पर चर्चा करने को कहा था। स्मृति ईरानी ने उन्हें चुनौती देते हुए कहा था कि राहुल गांधी आप क्षेत्र चुनें, हम कार्यकर्ता चुनेंगे।
स्मृति ईरानी ने यह भी कहा था कि अगर युवा मोर्चा का कोई कार्यकर्ता उनके सामने बोलने लगता है तो वह बोलना भूल जाते हैं। ईरानी ने यह बयान नागपुर में ‘नमो युवा महासम्मेलन’ कार्यक्रम में दिया था।
बीजेपी ने जारी की पहली लिस्ट
बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची में स्मृति ईरानी के नाम की भी घोषणा की थी। बीजेपी ने पहली सूची में 195 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री मोदी फिर वाराणसी से और अमित शाह गांधीनगर से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी लोकसभा चुनाव के मैदान में उतारा है। जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम भी शामिल है।
