नई दिल्ली । 2016 के बाद पहली बार टी20 विश्व कप के मैच में टीम इंडिया का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में तीन मैच जीते हैं, जबकि पांच में से दो ही मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं। ऐसे में ये मैच दिलचस्प होगा, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के लिए ये मैच काफी अहम है। इस मैच में जिन 6 खिलाड़ियों पर नजर रहेगी, उनके बारे में जान लीजिए।
विराट कोहली पर नजरें
विराट कोहली का बल्ला इस टी20 वर्ल्ड कप में ज्यादा नहीं चला है, लेकिन पिछले मैच में उन्होंने कुछ रन बनाए हैं और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका रिकॉर्ड दमदार है। ऐसे में उनको इस मैच में देखना दिलचस्प होगा।
रोहित शर्मा होंगे अहम
कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर से टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाने की कोशिश करेंगे। उनका रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा है और वे पेस गेंदबाजों को अच्छे से खेलते हैं तो रोहित वर्सेस ऑस्ट्रेलियन पेसर्स को देखना मजेदार होगा।
बुमराह को करना होगा प्रहार
टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी की रीढ़ की हड्डी जसप्रीत बुमराह हैं। बुमराह जिस तरह की खतरनाक गेंदबाजी इस टी20 विश्व कप में करते आ रहे हैं, वैसी ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ की तो फिर ऑस्ट्रेलिया का काम तमाम होना पक्का है।
ट्रेविस हेड तुरुप का इक्का?
भारत की नाक में दम करने वाले ट्रेविस हेड पर भी सभी की निगाहें होंगी। टीम इंडिया से दो आईसीसी टूर्नामेंट छीनने वाले ट्रेविस हेड को भारतीय गेंदबाज कैसे काबू में रखते हैं, इसे देखने में भी मजा आएगा।
मैक्सवेल से AUS को उम्मीदें
ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल की फॉर्म ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उन्होंने रन भी बनाए हैं और गेंदबाजी भी अच्छी की है तो भारत के लिए उनसे निपटना चुनौती होगी।
कमिंस फिर करेंगे कमाल?
वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस पिछले दो मैचों में हैट्रिक लेने में सफल हुए हैं। ऐसे में उनके खिलाफ टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्लान क्या होगा? ये देखने के लिए हर कोई उत्साहित होगा।
